जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित SKICC में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ की। सीएम अब्दुल्ला ने अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान को जम्मू-कश्मीर का सच्चा दोस्त और हमदर्द बताते हुए कहा कि ‘मामा’ के रूप में आपको जो पहचान मिली है, वह पूरी तरह सही है और आप पर जंचती है। हमने भी आपको उसी अपनत्व और भरोसे के साथ स्वीकार किया है। शिवराज ने साबित किया वे जम्मू-कश्मीर के सुख-दुख के साथी हैं उमर अब्दुल्ला ने कहा- हमारी सरकार को बने डेढ़ साल हो गए। चौहान साहब आपने बार-बार साबित किया कि आप जम्मू-कश्मीर के लोगों के न केवल दोस्त हैं बल्कि सच्चे हमदर्द हैं। आपको जब मप्र के लोगों ने मामा के तौर पर तस्लीम किया तो उनका ये तस्लीम करना गलत नहीं था। आप जो जम्मू-कश्मीर के लिए कर रहे हैं। उसका अगर 50% भी आपने मप्र के लिए किया होगा तो आपको जो ये ‘मामा’ का टैग लगा हुआ है ये आपके ऊपर जंचता है। हमने भी आपको इसी अंदाज में न केवल देखा है बल्कि कबूल किया है। इस रिश्ते को और मजबूत बनाने में आपने कोई कसर नहीं रखी। 8 हजार करोड़ के रोड प्रोजेक्ट्स को मंजूरी एक ही चरण में 8,000 करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति को असाधारण बताते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इतनी बड़ी मंजूरी मामूली बात नहीं है। राज्य सरकार इन परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह गंभीर है। शिवराज बोले: सरकार का उद्देश्य केवल कुर्सी संभालना नहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का असली उद्देश्य केवल कुर्सी संभालना नहीं, बल्कि लोगों की सेवा करना और उनकी जिंदगी बदलना है। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री बनने के बाद भी हम लोगों के चेहरे पर खुशी नहीं ला पाए, तो उस पद का कोई अर्थ नहीं है। शिवराज ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए दिल्ली और उनके दिल के दरवाजे हमेशा खुले हैं। ग्रामीण सड़कों की मंजूरी का पत्र सीएम को सौंपा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के तहत करोड़ों रुपए की मंजूरी का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। उन्होंने कहा कि सड़कों का जाल बिछाना हमारी प्राथमिकता है क्योंकि बिना सड़क के गांव अधूरे होते हैं। महिला सशक्तिकरण पर बात करते हुए उन्होंने DAY-NRLM के तहत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 4568.23 करोड़ रुपए से अधिक की मदर सैंक्शन जारी की। छोटे किसानों की आमदनी बढ़ाना मेरा सपना कृषि क्षेत्र में बदलाव का रोडमैप पेश करते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के छोटे किसानों की आमदनी बढ़ाना उनका मुख्य सपना है। इसके लिए बागवानी में आधुनिक तकनीक, क्लीन प्लांट और नई नर्सरियों के विकास पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिकों की एक विशेष टीम यहां की जलवायु और मिट्टी का अध्ययन कर एक व्यापक कृषि रणनीति तैयार करेगी।
