बुरहानपुर जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। शुक्रवार शाम ग्राम घाघरला और डालमहू के बीच स्थित रपटे पर पानी का तेज बहाव होने से आवागमन प्रभावित हो गया। इसके बावजूद, ग्रामीण और राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर रपटा पार करते देखे गए। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह समस्या हर वर्ष बारिश के मौसम में सामने आती है। सड़क का निर्माण तो हो चुका है, लेकिन रपटे की ऊंचाई कम होने के कारण थोड़ी सी अधिक बारिश में ही पानी इसके ऊपर से बहने लगता है। इससे बाढ़ जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे दोनों गांवों का संपर्क बाधित हो जाता है। लोगों को या तो घंटों इंतजार करना पड़ता है या फिर जोखिम उठाकर रपटा पार करना पड़ता है। मजबूत और ऊंचा पुल बनाने की मांग
ग्रामीणों का सुझाव है कि यदि रपटे की ऊंचाई लगभग 5 फीट बढ़ा दी जाए, तो बारिश का पानी आसानी से नीचे से निकल सकेगा। इससे जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और आवागमन सुचारु रहेगा। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह रपटा कई वर्षों पुराना और जर्जर हो चुका है। नया सड़क मार्ग बनने के बावजूद पुराने रपटे का पुनर्निर्माण नहीं किया गया, केवल मरम्मत कर उसे उपयोग में रखा गया है। इस कारण समस्या आज भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पुराने रपटे के स्थान पर एक नया, मजबूत और ऊंचा पुल बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
