रीवा के गंगेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत हिनौती उप स्वास्थ्य केंद्र में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। ग्रामीणों के मुताबिक, उप स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगा मिला। एएनएम के केंद्र पर नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। पीछा करने पर एएनएम बाजार में स्कूटी लेकर खड़ी मिलीं। इसी दौरान ग्रामीणों ने उनका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि हिनौती उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम नियमित रूप से नहीं बैठती हैं। कई बार मरीज इलाज के लिए केंद्र पहुंचते हैं, लेकिन ताला लगा मिलने से उन्हें परेशान होकर वापस लौटना पड़ता है। ग्रामीणों ने एएनएम पर मरीजों और उनके परिजनों से कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की बात पर भी बहस वायरल वीडियो में ग्रामीण एएनएम से उप स्वास्थ्य केंद्र बंद होने को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान सीएम हेल्पलाइन 181 में शिकायत करने की बात भी सामने आती है। वीडियो में महिला की ओर से कथित तौर पर कहा जा रहा है कि शिकायत जहां करनी है कर दो, मेरा कुछ नहीं होने वाला। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्वास्थ्य सुविधा के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया है, लेकिन कर्मचारी के मौजूद नहीं रहने से मरीजों को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से की है। उधर, पूरे मामले में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद ही एएनएम की ड्यूटी, उप स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगे होने और वायरल वीडियो में सामने आए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
