महाकाल की नगरी उज्जैन से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक किआ सेल्टोस कार हरिफाटक अंडरब्रिज रोड पर दौड़ती दिखाई दे रही थी, जिसकी छत पर एक युवक लेटा हुआ नजर आया। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो शुक्रवार सुबह करीब 4:41 बजे का बताया जा रहा है। चलती कार की छत पर युवक के लेटे होने से उसकी और अन्य राहगीरों की जान खतरे में पड़ सकती थी। अचानक ब्रेक लगने, वाहन असंतुलित होने या मोड़ आने पर बड़ा हादसा हो सकता था। शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि युवक कौन था और यह स्टंट था या लापरवाही। हालांकि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उज्जैन पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रेस की कार, दो युवक निकले आरोपी वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने वाहन क्रमांक MP 13 CE 0723 (किआ सेल्टोस) को ट्रेस कर संबंधित युवकों की पहचान की। पुलिस के अनुसार हेमेंद्र सिंह पिता विजय सिंह पाटीदार, निवासी आजाद नगर कार की छत पर लेटा हुआ था। अथर्व पाटीदार पिता नितेश पाटीदार, निवासी पार्श्वनाथ सिटी वाहन चला रहा था। दोनों युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 3000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने दी सख्त समझाइश उज्जैन पुलिस ने दोनों युवकों को भविष्य में इस तरह की खतरनाक हरकत दोबारा न करने की सख्त समझाइश दी। दोनों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए आगे ऐसी गतिविधि नहीं करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए जान जोखिम में डालने वाले स्टंट न करें और यातायात नियमों का पालन कर अपनी व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
