उज्जैन के ढांचा भवन क्षेत्र में गुरुवार देर रात 10-12 अज्ञात बदमाशों ने घरों पर हमला कर पत्थरबाजी की और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। घटना रात करीब एक बजे की है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुक्रवार को करीब 5 बजे पुलिस ने तीन आरोपियों को मारते हुए जुलूस निकाला। जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बदमाश ढांचा भवन के पास स्थित बाफना पार्क कॉलोनी पहुंचे और अचानक घरों के बाहर जमा होकर गाली-गलौज करने लगे। दो तस्वीरें देखिए लाठी-डंडे, चाकू और तलवार से लैस थे हमलावर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर लाठी-डंडे, चाकू और तलवार जैसे हथियारों से लैस थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। बदमाशों ने पत्थरबाजी कर कई घरों की खिड़कियां तोड़ दीं। बाहर खड़ी गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया। डॉक्टर की कार और अन्य मकानों को नुकसान हमले में डॉ. प्रदीप अग्रवाल की कार के शीशे तोड़ दिए गए। एक सेवानिवृत्त शिक्षिका के घर पर भी पत्थर फेंके गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई परिवार बाहर गए हुए थे, जिससे घरों में केवल महिलाएं और बुजुर्ग ही मौजूद थे। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची घटना की जानकारी 112 के जरिए पुलिस को दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने किशन अहिरवार(20), पिता मगनलाल, विकास सरोनिया(25), पिता रमेश सरोनिया, विशाल(20), पिता रमेश चंद्र को गिरफ्तार किया है।
