उज्जैन के घट्टिया थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब हॉस्टल से लापता दो छात्रों में से एक का शव स्कूल परिसर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब (खेत में भरे पानी) में मिला। मृतक की पहचान 15 वर्षीय प्रज्ञान विमल कक्षा 10वीं के छात्र के रूप में हुई है। वहीं, 14 वर्षीय रोशन बरेठा (कक्षा 9वीं) की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। जानकारी के अनुसार दोनों छात्र सोमवार देर शाम हॉस्टल से लापता हो गए थे। जब दोनों अपने कमरों में नहीं मिले तो विद्यालय प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी करण खोवाल, उपनिरीक्षक प्रवेश जाटव और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और छात्रों के साथियों से पूछताछ की, लेकिन देर रात तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। तालाब में शव उतराता मिला मंगलवार सुबह करीब छह बजे सूचना मिली कि विद्यालय की बाउंड्री से लगे तालाब में एक छात्र का शव उतरा रहा है। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान प्रज्ञान विमल के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक पूर्णतः आवासीय परिसर से दो नाबालिग छात्र देर रात हॉस्टल से बाहर कैसे निकल गए, इसे लेकर जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोप लगाया है कि रात्रिकालीन उपस्थिति (नाइट रोल कॉल), वार्डन की निगरानी और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तीन बहनों का इकलौता भाई था प्रज्ञान प्रज्ञान विमल तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार के अनुसार पिता के निधन के बाद बड़ी बहन को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और प्रज्ञान उसी के साथ रहकर नवोदय विद्यालय में पढ़ाई कर रहा था।
