Homeमध्यप्रदेशउज्जैन-इंदौर रूट- 3 बसों में पूरा हुआ 55KM का सफर:पहले आधा किमी...

उज्जैन-इंदौर रूट- 3 बसों में पूरा हुआ 55KM का सफर:पहले आधा किमी लगे 15 मिनट, फिर 30 KM की दूरी 20 मिनट में पूरी

उज्जैन में 6 जुलाई की रात को एक तेज रफ्तार बस ने सड़क पर बैठी 2 गायों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पिपराई क्षेत्र के बलराज ढाबे के पास हुई थी। बस इंदौर से उज्जैन् आ रही थी। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले बस में पथराव किया। फिर उसमें आग लगा दी। घटना के बाद उज्जैन-इंदौर रूट पर निजी बसों की तेज रफ्तार, लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। यह पहली बार नहीं था, जब इस रूट पर चलने वाली बसों को लेकर विवाद सामने आया हो। इससे पहले भी विधायक गोलू शुक्ला से जुड़ी शुक्ला ब्रदर्स की बसें दुर्घटनाओं और तेज रफ्तार को लेकर चर्चा में रही हैं। दैनिक भास्कर ने उठ सवालों की पड़ताल की। टीम ने उज्जैन से इंदौर और इंदौर से उज्जैन तक दोनों तरफ 110 KM का सफर बस में तय किया। इस दौरान बेलगाम स्पीड, लापरवाही से ड्राइविंग और मनमानी सामने आई। हद तो यह हो गई कि उज्जैन से निकलने के बाद 55 किमी के सफर में तीसरी बस ने इंदौर पहुंचाया गया। पढ़िए, यह रिपोर्ट… उज्जैन से इंदौर: 3 बसों से तय हुआ सफर 9 जुलाई, दिन-गुरुवार। दोपहर 12:10 बजे। उज्जैन से सफर शुरू हुआ। दैनिक भास्कर की टीम नानाखेड़ा बस स्टैंड से शुक्ला ब्रदर्स की बस (MP09-AF8910) में सवार हुई। 15 मिनट में बस मुश्किल से आधा किलोमीटर ही चली थी कि यात्रियों की परेशानी शुरू हो गई। बस 12.25 बजे सबसे पहले लालगेट पर रुकी। यहां यात्रियों की संख्या कम होने का हवाला देकर सभी को दूसरी बस में शिफ्ट कर दिया गया। 10 से ज्यादा यात्री दूसरी बस में शिफ्ट कर दिए गए। उस बस में पहुंचने पर एसी बंद मिला। एसी के पैनल से लगातार पानी टपक रहा था और नीचे पानी इकट्ठा करने के लिए बाल्टियां रखी गई थीं। कुछ देर बाद यात्रियों को वहां से भी हटाकर तीसरी बस में शिफ्ट कर दिया गया। आगे बस तीसरी बस जैसे ही सिक्स लेन हाईवे पर पहुंची, उसकी रफ्तार तेजी से बढ़ने लगी। स्पीड लगातार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच बनी रही। इसी दौरान साथ चल रही दूसरी निजी बसों के बीच ओवरटेक की होड़ भी देखने को मिली। कई बार बसें बेहद कम दूरी से एक-दूसरे को ओवरटेक करती नजर आईं। सफर के दौरान ड्राइवर कई बार फोन पर बात करता दिखा। वह बेपरवाह होकर स्क्रीन भी देखता रहा। बस यात्री राहुल दवे ने कहा- इस रूट पर निजी बसों के चालक अक्सर इसी तरह तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं। रात के समय बसों की स्पीड और ज्यादा रहती है। हाईवे पर कई बार बसें इतनी तेज दौड़ती हैं कि यात्रियों को दुर्घटना का डर बना रहता है। टोल के बाद फिर शुरू हुई स्पीड की होड़ टोल प्लाजा पर बस करीब 5 मिनट रूक रही। वहां यात्रियों की टिकट चेक की गई। इसके बाद पंथपिपलई की ओर बढ़ते ही एक दूसरी निजी बस से ओवरटेक कर आगे निकलने की कोशिश की गई। बस की रफ्तार भी लगातार बढ़ाई गई। टीम ने स्पीड रिकॉर्ड की तो बस करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती मिली। बस दोपहर 12.48 बजे सांवेर और 1.30 बजे इंदौर पहुंच गई। इंदौर से उज्जैन रिटर्न: 81 की स्पीड में चली बस 9 जुलाई, दिन- गुरुवार। समय- 2.00 बजे। दैनिक भास्कर की टीम बस स्टैंड से उज्जैन लौटने के लिए दूसरी बस (MP709-ZE9018) में सवार हुई। शुरुआत में सांवेर तक सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था। इस वजह से बस की स्पीड 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रही। जैसे ही सांवेर पार हुआ, बस ने रफ्तार पकड़ ली। सवारियों से भरी बस की स्पीड कुछ ही देर में 81 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। करीब 30 किमी की दूरी को पूरा करने में 20 मिनट का ही समय लगा। इस बीच ड्राइवर बेपरवाह मोबाइल फोन पर बार-बार बात करता नजर आया। उज्जैन पहुंचने पर यात्रियों से बातचीत में सामने आया कि देर रात के समय बसें सामान्य दिनों की तुलना में और तेज चलाई जाती हैं। यात्रियों का कहना है कि समय बचाने और अधिक चक्कर लगाने की होड़ में चालक अक्सर गति सीमा की अनदेखी करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। शुक्ला की बसों के साथ पहले भी हो चुके हादसे 18 सितंबर 2025 – इंदौर-उज्जैन (सांवेर) रोड पर चार की मौत बाणेश्वरी ट्रैवल्स की बस ने बाइक सवार दंपती और दो बच्चों को कुचल दिया था। माता-पिता और एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे बेटे ने अरविंदो अस्पताल के आईसीयू में दम तोड़ दिया। महू एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी के मुताबिक, बस शुक्ला ब्रदर्स के नाम पर रजिस्टर्ड है और बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के ऑफिस से ऑपरेट होती है। हादसे में दंपती और बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।बस के कांच फोड़ दिए और आग लगाने की कोशिश हादसे के बाद ड्राइवर और हेल्पर भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने आक्रोश में बस के कांच फोड़ दिए और आग लगाने की कोशिश की। एडिशनल एसपी द्विवेदी ने बताया कि हादसा ओवर स्पीड के चलते हुआ। बस ने बाइक को सामने से टक्कर मारी। हादसे के समय एक तरफ का रोड ही चालू था। मोबाइल पर बात करते हुए बस चला रहा था ड्राइवर पुलिस जांच में सामने आया कि ड्राइवर मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार से बस चला रहा था। यात्रियों ने उसे स्पीड कम करने के लिए टोका था, लेकिन उसने स्पीड कम नहीं की। 14 जनवरी 2026- ‌बाइक सवार को टक्कर, लोगों ने आग लगाई इंदौर में विधायक गोलू शुक्ला की बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगा दी। अफरा-तफरी के बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। घटना पटेल ब्रिज के नीचे सुबह करीब 9.30 बजे हुई। फायर ब्रिगेड कर्मचारी के मुताबिक, छोटी ग्वालटोली के आगे शुक्ला ब्रदर्स की बस में आग लगने की सूचना पर टीम भेजी गई। टीम पहुंची तो बस से ऊंची लपटें निकल रही थीं। फायर ब्रिगेड के एसआई शोभाराम मालवीय ने बताया कि एक टैंक पानी से आग पर काबू पाया गया। तुकोगंज टीआई जितेंद्र यादव के मुताबिक, बस ने एक बाइक को टक्कर मारी थी, जिसके बाद बस में आग लग गई। हालांकि, बाइक सवार को ज्यादा चोट नहीं आई। यह खबर भी पढ़ें… भाजपा विधायक गोलू शुक्ला की बस को फूंका सोमवार रात उज्जैन के पंथ पिपलाई में बलराम जाट ढाबे के पास उज्जैन आ रही बस ने सड़क पर बैठी दो गायों को टक्कर मार दी। इससे दोनों गायों की मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने पहले यात्रियों को सुरक्षित उतारा, फिर पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए और बस में आग लगा दी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here