Homeमध्यप्रदेशइंदौर में होटलों-खजराना मंदिर में खाद्य विभाग की जांच:फेयरफील्ड के स्टोर में...

इंदौर में होटलों-खजराना मंदिर में खाद्य विभाग की जांच:फेयरफील्ड के स्टोर में मिले कॉकरोच;खजराना में गंदे फर्श पर बन रहे थे लड्डू, सैंपल लिए

इंदौर में गणेश चतुर्थी के मौके पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर के प्रमुख होटलों और श्री खजराना गणेश मंदिर परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रसोई की स्वच्छता, भंडारण, तापमान नियंत्रण और खाद्य निर्माण प्रक्रिया की जांच की गई। टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से 31 खाद्य नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। सबसे गंभीर स्थिति फेयरफील्ड बाय मैरियट के स्टोर रूम में सामने आई। निरीक्षण के दौरान यहां कॉकरोच मिले। खाद्य पदार्थों की सुरक्षा के लिहाज से इसे स्वच्छता संबंधी गंभीर कमी माना गया। इसके अलावा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों का स्टोरेज एक साथ पाया गया। लगभग सभी कूड़ेदान खुले मिले और गीले-सूखे कचरे का अलगाव भी उचित तरीके से नहीं किया जा रहा था। बुफे में कई तैयार खाद्य पदार्थ बिना ढके रखे मिले। इससे बाल, धूल अथवा अन्य माध्यमों से खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका जताई गई। स्टोरेज रूम में कच्ची खाद्य सामग्री के पैकेट पर आसानी से हटाए जा सकने वाले लेबल भी मिले। पानी की जांच रिपोर्ट में कीटनाशक अवशेष और भारी धातुओं की जांच भी शामिल नहीं थी। यहां तुअर दाल, पनीर और सूखे नारियल के चूरे के तीन नमूने लिए गए। खजराना में गंदे फर्श पर बन रहे थे लड्डू श्री खजराना गणेश मंदिर परिसर में प्रसाद के करीब 8 से 10 थोक और फुटकर काउंटरों का निरीक्षण किया गया। विक्रेताओं को खाद्य लाइसेंस स्पष्ट स्थान पर प्रदर्शित करने और प्रसाद में अनुमत मात्रा में ही खाद्य रंग इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। प्रसाद निर्माण से जुड़े एकदंत प्रसाद भंडार में लड्डू प्रसाद का निर्माण अस्वच्छ परिस्थितियों में होता मिला। फर्श गंदे थे, खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं था और कच्ची सामग्री का भंडारण भी व्यवस्थित नहीं पाया गया। इसी प्रकार भालचंद्र प्रसाद भंडार में भी प्रसाद निर्माण और लड्डू बनाने का स्थान साफ-सुथरा नहीं मिला। फर्श चिपचिपे, तेलयुक्त और गंदे थे। कर्मचारी लड्डू निर्माण क्षेत्र में चप्पल पहनकर आते-जाते पाए गए। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए गए। विभिन्न प्रसाद विक्रेताओं और निर्माण प्रतिष्ठानों से मोतीचूर लड्डू, बेसन लड्डू और मोदक समेत करीब 8 नमूने लिए गए। इन्फिनिटी होटल में भी कई कमियां रिंग रोड स्थित इन्फिनिटी होटल से पनीर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और मूंग मोगर के चार नमूने लिए गए। यहां दो प्रशीतक यंत्रों में तापमान निगरानी उपकरण नहीं मिला। अंशांकन रिकॉर्ड और खाद्य संचालकों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। खाद्य सामग्री के भंडारण में पहले आया, पहले इस्तेमाल की व्यवस्था का प्रभावी पालन नहीं मिला। कच्ची सामग्री और तैयार खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट भी मौके पर उपलब्ध नहीं थीं। श्रीमाया होटल में पानी की रिपोर्ट अधूरी एबी रोड स्थित श्रीमाया होटल की रसोई और खाद्य भंडारण व्यवस्था साफ-सुथरी मिली। तापमान नियंत्रण और उपकरणों का अंशांकन भी उचित पाया गया। यहां पनीर, भुनी मूंगफली, पाव भाजी मसाला और मीट मसाला के चार नमूने लिए गए। हालांकि, पानी की जांच रिपोर्ट में कीटनाशक अवशेष और भारी धातुओं की जांच शामिल नहीं थी। होटल प्रबंधन को निर्धारित मानकों के अनुसार रिपोर्ट पूरी कराने के निर्देश दिए गए।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here