इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में रविवार देर रात एक पीजी डॉक्टर की मौत हो गई। डॉक्टर का शव हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरने के बाद परिसर में मिला। पुलिस आत्महत्या और हादसा, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे एमजीएम बॉयज हॉस्टल परिसर के ब्लॉक नंबर-5 के पास डॉक्टर का शव मिला। घटना के बाद हॉस्टल परिसर में सनसनी फैल गई। मेडिसिन विभाग के फाइनल ईयर के छात्र थे डॉ. अमन पटेल (30) मेडिसिन विभाग में फाइनल ईयर के 2023 बैच के पीजी स्टूडेंट थे। कुछ महीनों में उनका पीजी कोर्स पूरा होने वाला था। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई जबलपुर से की थी। वह जबलपुर के ही रहने वाले थे। पिता का नाम सुशील पटेल है। आत्महत्या और हादसा, दोनों बिंदुओं पर जांच सूचना मिलते ही संयोगितागंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या और हादसे दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि डॉ. अमन पटेल शांत, होनहार और समर्पित छात्र थे। उनके निधन से कॉलेज और चिकित्सा क्षेत्र में शोक का माहौल है। दोस्त बोले- प्रोफेशनली साउंड और शांत स्वभाव था डॉक्टर अमन पटेल के दोस्त डॉक्टर प्रकल्प गुप्ता ने बताया कि अमन मेरा बहुत अच्छा दोस्त था। सुबह ही मुझे घटना के बारे में पता चला तो बहुत दुख हुआ। हम दोनों ने जबलपुर से एमबीबीएस साथ ही किया था। अमन प्रोफेशनली बहुत साउंड और शांत स्वभाव का था। विश्वास नहीं होता कि वह अब इस दुनिया में नहीं है। ये खबर भी पढ़ें… इंदौर में MBBS स्टूडेंट का सुसाइड…दोस्त बोला-पढ़ाई का तनाव था इंदौर में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में सोमवार को एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अंतरिक्ष अग्रवाल के रूप में हुई है, जो ग्वालियर का रहने वाला था और 2025 बैच का छात्र था। पढ़ें पूरी खबर…
