धार जिले के बदनावर से कांग्रेस विधायक भंवरसिंह शेखावत के एक इंटरव्यू में रविदास समाज के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा। इसके बाद उनका विरोध शुरू हो गया। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष आशीष चौहान और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राकेश चौहान ने बयान की निंदा करते हुए विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। सोशल मीडिया पर भी दिनभर विरोध होता रहा। विरोध बढ़ने के बाद विधायक शेखावत ने शनिवार रात में वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। थाने में केस दर्ज कराने की चेतावनी दी आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष चौहान ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को किसी समाज के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है। विधायक जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी भाषा और शब्दों के चयन का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस तरह की टिप्पणी से समाजजनों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने विधायक से अपनी भाषा शैली में सुधार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो उनके खिलाफ थाने में प्रकरण दर्ज करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रविदास समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देर रात वीडियो जारी कर माफी मांगी विरोध के बीच विधायक भंवरसिंह शेखावत ने रात में वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने अपने शब्दों को लेकर गलती स्वीकार की और माफी मांगी। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने भी की निंदा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राकेश चौहान ने भी विधायक के बयान की निंदा करते हुए इसे रविदास समाज का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सम्मान और समरसता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी समाज के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने भी विधायक से बयान पर स्पष्टीकरण देने और समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। सोशल मीडिया पर दिनभर होता रहा विरोध विधायक के बयान के बाद दलित समाज सहित अन्य समाजजनों में भी नाराजगी देखने को मिली। सोशल मीडिया पर दिनभर यह मामला चर्चा में रहा। कई लोगों ने विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग उठाई।
