आष्टा में मंगलवार की रात करीब 9 बजे कन्नौद रोड पर सड़क हादसा हो गया। लसूडिया विजय सिंह गांव के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस टक्कर में गाड़ी में बैठे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के मुताबिक, चितावली जाट गांव के रहने वाले कमल प्रजापति अपनी बोलेरो पिकअप लेकर सिद्धिगंज से आष्टा की तरफ आ रहे थे। रास्ते में उन्हें बड़खोला गांव के रहने वाले 50 साल के समीम मियां मिले, जिन्होंने आष्टा आने के लिए गाड़ी में लिफ्ट मांग ली। कमल ने उन्हें गाड़ी में बैठा लिया, लेकिन लसूडिया विजय सिंह के पास अचानक गाड़ी बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में तेजी से जा घुसी। एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया टक्कर इतनी जोरदार थी कि लिफ्ट लेकर बैठे समीम मियां की मौके पर ही जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही 108 एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस की मदद से शव और गंभीर रूप से घायल ड्राइवर कमल प्रजापति को आष्टा के सिविल अस्पताल लाया गया। अस्पताल के डॉक्टर अवधेश परमार ने बताया कि एम्बुलेंस जब दोनों को लेकर आई, तब तक एक व्यक्ति (समीम मियां) दम तोड़ चुका था, वहीं घायल ड्राइवर का इलाज शुरू कर दिया गया है। आष्टा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
