आगर मालवा शहर के बड़ा गवालीपुरा क्षेत्र में रविवार शाम भारतीय सेना के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जवान दो दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर आए थे। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान 36 वर्षीय धर्मेंद्र गवली के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना की बिहार रेजीमेंट (दानापुर बटालियन) में लांस नायक के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र अपने कमरे में थे और काफी देर तक बाहर नहीं निकले। जब परिजन ने दरवाजा तोड़ा, तो वे अंदर बेसुध मिले। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। 2010 में सेना में हुए थे भर्ती वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अर्जुन गवली के अनुसार, धर्मेंद्र ने साल 2010 में सेना जॉइन की थी। उनका विवाह 2018 में हुआ था और उनकी दो छोटी बेटियां हैं। वे मात्र दो दिन पहले ही अपनी छुट्टियां बिताने के लिए आगर आए थे। सोमवार को होगा पोस्टमार्टम कोतवाली पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा, जो सोमवार सुबह जिला अस्पताल में कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
