आगरा में दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, एक कार में बीएससी के 7 छात्र सवार थे, जबकि दूसरी कार में एक परिवार के सदस्य यात्रा कर रहे थे। बुधवार सुबह यह हादसा आगरा-ग्वालियर हाईवे पर हुआ। सैंया थाना क्षेत्र में कुणाल कॉलेज के पास पहुंचते ही एक कार का टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूसरी कार पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को कारों से बाहर निकालकर इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा। मृतकों की पहचान धौलपुर जिले के ताशियो गांव निवासी रिंकू शर्मा (पुत्र राकेश शर्मा), मध्य प्रदेश के दतिया निवासी विवेक तिवारी (पुत्र हरिमोहन तिवारी) और मीना श्रीवास्तव (पत्नी अशोक श्रीवास्तव) के रूप में हुई है। खबर अपडेट की जा रही है…
