प्रदेश के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में अगले 2 दिन लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान कहीं-कहीं मौसम में बदलाव भी देखने को मिल सकता है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है। इसके बावजूद गर्मी का असर बरकरार रहेगा। इससे पहले रविवार देर रात कोरबा के कुसमुंडा थाना क्षेत्र के प्रेम नगर (कपाटमुडा रोड) में आंधी-तूफान और बारिश में निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार गिरकर पड़ोसी अजय धनवार के घर पर आ गिरी। हादसे में घर में सो रहे अजय, उनकी पत्नी और बच्चा मलबे में दब गए, तीनों गंभीर रूप से घायल हैं। पड़ोसियों ने निकालकर अस्पताल पहुंचाया, घर का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। निर्माण में लापरवाही की बात सामने आई।
दरअसल, यूपी से ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक राहत के आसार नहीं हैं। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 44.5°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में गर्म रात और लू की स्थिति राजधानी में आज हीट वेव के साथ गर्म रात रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 44°C और न्यूनतम 29°C के आसपास रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों का आउटलुक मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है, लेकिन लू का असर भी बना रहेगा।
