केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अयोध्या में धान की रोपाई की। किसानों से कहा- भगवान श्रीराम हमारे अस्तित्व और जीवन के आधार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रामराज्य की अवधारणा को साकार करने में कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वस्थ मिट्टी, सशक्त किसान और समृद्ध भारत के लक्ष्य को लेकर केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। खेती को लाभकारी बनाने और मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वे कुमारगंज स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में किसान संगोष्ठी में शामिल होने पहुंचे थे। खेत में उतरे शिवराज, खुद की धान की रोपाई की केंद्रीय मंत्री ने सबसे पहले आचार्य नरेंद्र देव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद विश्वविद्यालय के कृषि प्रक्षेत्र में पहुंचकर किसानों से बातचीत की। उन्होंने मखाना, मत्स्य पालन, प्राकृतिक खेती और ढैंचा की खेती से जुड़े मॉडलों का निरीक्षण किया। किसानों के बीच पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने खेत में उतरकर धान की पौध भी रोपी और धान रोपाई अभियान की शुरुआत की। मोबाइल बताएगा मिट्टी में किस पोषक तत्व की कमी केंद्रीय मंत्री ने कहा- रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता लगातार प्रभावित हो रही है। किसानों को मिट्टी परीक्षण के आधार पर ही खाद का उपयोग करना चाहिए। सरकार ऐसी तकनीक विकसित कर रही है, जिसके जरिए किसान मोबाइल फोन से ही यह जान सकेंगे कि उनकी मिट्टी में किस पोषक तत्व की कमी है। इससे जरूरत के अनुसार खाद का इस्तेमाल होगा और खेती की लागत भी कम होगी। शिवराज ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा- जीवामृत, बीजामृत और गोमूत्र आधारित खेती को बढ़ावा देने की जरूरत है। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होगी और रासायनिक खादों पर निर्भरता कम होगी। आने वाले समय में खेती को तकनीक और परंपरा के संतुलन के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि किसान की आय बढ़े और खेती टिकाऊ बन सके। पहली बार विश्वविद्यालय पहुंचे शिवराज विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा- विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद यह पहला अवसर है, जब कोई केंद्रीय कृषि मंत्री यहां पहुंचे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। ————————— यह खबर भी पढ़िए सांसद ने राममंदिर जमीन घोटाले के सबूत SIT को दिए, संजय सिंह ने 12 मिनट में एसआईटी अध्यक्ष को 11 सबूत सौंपे अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी को आप सांसद संजय सिंह ने जमीन घोटाले से जुड़े सबूत दिए। संजय सिंह गुरुवार सुबह 11 बजे लखनऊ में SIT के अध्यक्ष विजय विश्वास पंत के ऑफिस पहुंचे। वे करीब 12 मिनट कमरे में रुके। यहां पढ़ें पूरी खबर
