Homeछत्तीसगढ़अफसरों को विधायक बोलीं- जनता का श्राप गुरूर तोड़ देगा,VIDEO:राजस्व काम में...

अफसरों को विधायक बोलीं- जनता का श्राप गुरूर तोड़ देगा,VIDEO:राजस्व काम में देरी पर भड़कीं, कहा- अधिकारी बनने से कोई बड़ा नहीं हो जाता

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जनता के काम लंबित रहने और फरियादियों को परेशान होने पर प्रतापपुर से बीजेपी विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते अधिकारियों पर भड़क गईं। उन्होंने मंच से अफसरों को नसीहत देते हुए कहा कि परेशान होकर आने वाले लोगों का काम नहीं होता, तो वे श्राप देकर जाते हैं। विधायक ने कहा- पढ़-लिख लेने से कोई जनता से ऊपर नहीं हो जाता। आपके हाथ में कलम की ताकत है, लेकिन हमारे पास जनता की ताकत है। हम अपनी क्षमता के हिसाब से लोगों के लिए काम करते हैं, लेकिन आप जिस पद पर बैठे हैं, उससे योजनाओं का लाभ दिला सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि जनता का श्राप बड़े से बड़े गुरूर को तोड़ देता है। उन्होंने ये बातें वाड्रफनगर ब्लॉक में 8 मई को आयोजित सुशासन तिहार मंच से कही, जो अब वायरल हो रहा है।
जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, 8 मई को वाड्रफनगर ब्लॉक में सुशासन तिहार का आयोजन किया गया था। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते से राजस्व मामलों के निपटारे में देरी और लापरवाही की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि जमीन सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा और पट्टा जैसे कामों के लिए उन्हें बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन समय पर समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। इस पर विधायक पोर्ते ने मंच से अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा, सिर्फ परीक्षा पास कर लेने से कोई जनता से ऊपर नहीं हो जाता। जनता का श्राप बड़े-बड़े लोगों का गुरूर तोड़ देता है। विधायक ने कहा कि सरकार की कई योजनाएं लोगों का जीवन बदल सकती हैं, लेकिन जरूरतमंदों तक उनका लाभ पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अफसरों को दफ्तरों तक सीमित रहने के बजाए गांवों में जाकर काम करने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। अब पढ़िए विधायक ने क्या कुछ कहा ? अधिकारियों को नसीहत: आप एसडीएम, पटवारी और तहसीलदार मेहनत से बने हैं, पर इस पद का गुरूर मत कीजिए; जनता का श्राप बड़े-बड़ों का गुरूर तोड़ देता है। ग्रामीणों का दर्द: लोग सुबह से बस में सफर कर दफ्तर पहुंचते हैं, घंटों इंतजार के बाद काम न होने पर निराश लौटते हैं; अधिकारी सुनवाई नहीं करते तो वे आह देकर जाते हैं। कलम बनाम जनता की ताकत: आपके हाथ में कलम की ताकत है, हमारे पास जनता की। हमें अहसास है कि जनता ने हमें यहां बैठाया है, हम उनके काम और सड़क-पुल के लिए दिन-रात परेशान रहते हैं। योजनाओं का लाभ: हमारी सरकार ने इतनी योजनाएं चलाई हैं कि लाभ मिल जाए तो आप धन्य हो जाएं; लेकिन लाभ वही दिला सकता है जो पद पर बैठा है, इसलिए लोगों को भी जागरूक होना होगा। उद्धेश्वरी ने दिया था एसडीएम को हटाने का अल्टीमेटम इससे पहले, सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने राजपुर में भूमिपूजन कार्यक्रम में एसडीएम और तहसीलदार की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने एसडीएम को 24 घंटे में हटाने की मांग रख दी थी। इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। हालांकि एसडीएम अब भी अपने पद पर जमे हुए हैं। …………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… सुशासन तिहार में BJP विधायक बोले-पटवारी को जूता से मारूंगा,VIDEO:गरियाबंद में रिश्वत की शिकायत मिली थी; इधर पूर्व संसदीय सचिव कलेक्टर पर भड़के छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में छुरा ब्लॉक के ग्राम पाटसिवनी में 5 मई को सुशासन तिहार के तहत जनसभा हुई। इस सभा में एक शिकायत पर राजिम से भाजपा विधायक रोहित साहू ने मंच से कहा कि रिश्वत लेने वाले पटवारी को जूता से मारूंगा। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। वहीं विधायक के पटवारी के लिए अपशब्द कहने पर पटवारी संघ ने सुशासन तिहार का बहिष्कार कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here