अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार शाम एक युवक को 780 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को जैतहरी-वेंकटनगर मुख्य मार्ग पर धनगवां के पास बाइक पर गांजा ले जाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को जब्त कर लिया है। मुखबिर की सूचना पर धनगवां के पास पकड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने धनगवां के पास घेराबंदी कर बाइक सवार को रोका। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपनी पहचान गोरसी जैतहरी निवासी आरोपी शुक्ला (22), पिता गोविंद नारायण शुक्ला के रूप में बताई। एनडीपीएस एक्ट में केस मामले की विवेचक कमला टांडिया ने बताया कि मोटरसाइकिल की डिग्गी की तलाशी लेने पर उसमें एक छोटे पैकेट में गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5,000 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। बरामद गांजे की मात्रा 1 किलोग्राम से कम होने की वजह से आरोपी को नियमानुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के पिता गोविंद नारायण शुक्ला भी पहले गांजा तस्करी के आरोप में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस उस मुख्य सप्लायर का पता लगा रही है, जिससे आरोपी ने यह गांजा खरीदा था।
