अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत निगवानी में सोमवार दोपहर एक 47 साल के शख्स का शव संदिग्ध हालत में मिला है। निगवानी के रहने वाले सतानंद तिवारी का शव उनके अपने ही खेत में बन रहे एक अधूरे (निर्माणाधीन) मकान से बरामद किया गया। घटना का पता चलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत कोतमा थाना पुलिस को इसकी खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। नशे की लत और बीमारी बनी मौत की वजह कोतमा थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि शुरुआती पूछताछ और जानकारी के मुताबिक, मृतक सतानंद तिवारी पिछले लंबे समय से नशे के आदी थे। इसके साथ ही वे किसी गंभीर बीमारी से भी जूझ रहे थे। पुलिस का अनुमान है कि सतानंद अक्सर अपने घर से खेत वाले इस अधूरे मकान में आते-जाते रहते थे। मुमकिन है कि रविवार की रात भी वे इसी मकान में आए थे, जहां बहुत ज्यादा नशा करने के कारण वे अचानक जमीन पर गिर पड़े। गिरने की वजह से उनके सिर में गंभीर चोट आई और ज्यादा खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच जारी पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मर्चुरी में डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस हादसे और हत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
