समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। उनकी उम्र 38 साल थी। सुबह 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत की वजह पता नहीं चल सकी है। सूत्रों के मुताबिक, 30 अप्रैल को प्रतीक को गंभीर हालत में लखनऊ के बड़े हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 3 दिन बाद उन्हें थोड़ा आराम मिला। इसके बाद अस्पताल से बिना छुट्टी के घर चले गए थे। प्रतीक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। प्रतीक की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा फिलहाल असम में हैं। वह लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं। अपर्णा इस वक्त उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। ब्रिटेन से पढ़ाई की, राजनीति से दूर थे प्रतीक ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। वे राजनीति से दूर थे। उनका रियल एस्टेट और फिटनेस का बिजनेस था। प्रतीक लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से एक जिम के मालिक थे। प्रतीक ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था भी चलाते थे। संस्था की तरफ से स्ट्रीट डॉग्स का इलाज, देखभाल, भोजन और रेस्क्यू किया जाता है। 14 साल पहले अपर्णा से की थी लव-मैरिज प्रतीक ने अपर्णा यादव से 14 साल पहले लव-मैरिज की थी। दोनों की लव स्टोरी 2001 में शुरू हुई थी। दोनों की एक बर्थडे पार्टी में मुलाकात हुई, फिर ई-मेल एक्सचेंज के जरिए बातचीत शुरू हुई। 4 दिसंबर, 2011 को दोनों ने सैफई (इटावा) में धूमधाम से शादी की। इस हाई-प्रोफाइल शादी में अमिताभ बच्चन समेत कई बड़े लोग शामिल हुए थे। दोनों की दो बेटियां हैं। तलाक का ऐलान कर चौंका दिया था, 9 दिन बाद सुलह हुई प्रतीक यादव ने 19 जनवरी को अचानक पत्नी अपर्णा तलाक लेने का ऐलान कर दिया था। कहा था- अपर्णा ने मेरी जिंदगी नरक बना दी। हालांकि, 9 दिन बाद दोनों में सुलह हो गई थी। इंस्टाग्राम पर प्रतीक ने अपर्णा के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था- ‘All is Good यानी सब अच्छा है। चैंपियन वो होते हैं जो अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल समस्याओं को खत्म कर देते हैं। हम चैंपियंस का परिवार हैं। 21 फरवरी को प्रतीक-अपर्णा साथ नजर आए थे। दोनों ने बेटी का बर्थडे मनाया था। पार्टी में पूर्व यूपी BJP अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मंत्री दिनेश सिंह, मंत्री दानिश आजाद और राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह समेत भाजपा के कई नेता शामिल हुए थे। प्रतीक यादव के निधन से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-
