पिपरिया के बनखेड़ी थाना इलाके में एक शातिर साइबर ठग ने खुद को थाना प्रभारी बताकर स्थानीय सरपंचों से पैसे ऐंठने की कोशिश की। इस फर्जीवाड़े की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। शनिवार को पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए लोगों और जनप्रतिनिधियों को सावधान रहने की चेतावनी दी है। बनखेड़ी थाना प्रभारी विजय सनस ने एक वीडियो जारी कर इस पूरी ठगी के तरीके का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि एक ठग मोबाइल नंबर 9387629092 से इलाके के अलग-अलग सरपंचों को फोन मिला रहा है। फोन करते ही वह खुद को ‘बनखेड़ी थाना प्रभारी’ बताता है और फिर किसी न किसी बहाने या मदद के नाम पर 25 हजार की मांग करने लगता है। थाना प्रभारी बोले- झांसे में न आएं, पैसे ट्रांसफर न करें थाना प्रभारी सनस ने साफ शब्दों में कहा कि यह पूरी तरह से साइबर फ्रॉड का मामला है। उन्होंने क्षेत्र के सभी सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और जनता से अपील की है कि वे इस तरह के किसी भी अज्ञात फोन कॉल के झांसे में बिल्कुल न आएं। पुलिस अधिकारी या थाना प्रभारी के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को कोई रकम न दें और न ही कोई ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर करें। सर्विलांस पर नंबर, जल्द होगी गिरफ्तारी उन्होंने जनता से कहा है कि अगर उनके पास ऐसा कोई भी संदेहास्पद फोन आता है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने ठग के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर ले लिया है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन और उसकी पहचान का पता लगाया जा रहा है। बनखेड़ी थाना प्रभारी विजय सनस ने भरोसा दिलाया है कि साइबर सेल के माध्यम से कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जल्द ही पकड़ा जाएगा।
