प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से पीएम किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 23वीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में राम राज्य की कल्पना साकार होती दिख रही है। किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए उनकी भावना अद्भुत है। उन्होंने कहा कि आज भारत के किसान अपनी कल्याणकारी नीतियों के कारण नई पहचान बना रहे हैं। बिजली, पानी, सड़क और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों की मदद कर रही हैं। सीएम ने कहा कि पहले किसी किसान ने भी नहीं सोचा होगा कि हर महीने 1000 रुपए आएंगे। कांग्रेस के शासन में गेहूं का भाव 300-400 रुपए था, जबकि अब हमारी सरकार 2625 रुपए में गेहूं खरीद रही है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। आज देश में सबसे ज्यादा प्राकृतिक खेती मध्य प्रदेश में हो रही है। 2019 से हुई थी PM किसान योजना की शुरुआत 24 फरवरी, 2019 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत हुई थी। इस योजना के तहत देश के पात्र किसानों को सरकार की तरफ से सालाना आधार पर 6,000 रुपए दिए जाते हैं। हालांकि, सरकार किसानों को 6,000 रुपए एक साथ नहीं, बल्कि हर चार महीने में 2000-2000 रुपए की 3 समान किस्तों में देती है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है।
