Homeमध्यप्रदेशNEET रद्द होने के सदमे में छात्रा ने की खुदकुशी:सुसाइड नोट में...

NEET रद्द होने के सदमे में छात्रा ने की खुदकुशी:सुसाइड नोट में लिखा- सॉरी मम्मी-पापा, दोबारा पेपर देने की हिम्मत नहीं

‘मम्मी-पापा आपको भरोसा था कि आपकी बेटी पढ़-लिखकर डॉक्टर बनेगी, लेकिन अब दोबारा नीट का पेपर देने की हिम्मत नहीं है मेरे अंदर।’ यह दर्द था National Eligibility cum Entrance Test (NEET) 2026 की तैयारी करने वाली आकांक्षा चतुर्वेदी का। आकांक्षा ने 20 मई को नागपुर में फांसी लगा ली। अब उसका सुसाइड नोट सामने आया है। इसमें लिखा है- पहले पेपर में अच्छे मार्क्स आने की उम्मीद थी, लेकिन अब दोबारा अच्छा पेपर होगा, इसकी गारंटी नहीं है। सॉरी मम्मी-पापा, मैंने सब बर्बाद कर दिया। आकांक्षा मऊगंज जिले के मगनिया गांव की रहने वाली थी। दैनिक भास्कर की टीम छात्रा के गांव पहुंची। परिवार का कहना है कि नीट पेपर लीक होने के बाद बेटी निराश हो गई थी। कांग्रेस नेता घर पहुंचे, तब मामला सामने आया गांव के एक छोर पर आकांक्षा के पिता कृष्ण कुमार चतुर्वेदी का बड़ा सा घर है। उनके भाई दद्दी कुमार भी उन्हीं के साथ रहते हैं। घर के बरामदे में कुर्सियों पर परिवार के सदस्य बैठे हैं। दूसरी तरफ बोरियों में हाल ही में खेतों से आया अनाज रखा है। दो दिन पहले कृष्ण कुमार से मिलने कांग्रेस नेता आए थे। इसके बाद ही यह मामला मीडिया में आया। पिता बोले- वह अब वापस नहीं आएगी कृष्ण कुमार कहते हैं- कोई कुछ भी कह ले। हम जानते हैं हमारी बिटिया अब आने से रही। पढ़ाई में होशियार थी। बड़ी उम्मीद थी। इसी वजह से हैसियत न होते हुए भी पढ़ाई के लिए उसे नागपुर भेजा था। परीक्षा देने के बाद फोन किया था। बहुत खुश थी वह। उसके पेपर बहुत अच्छे गए थे, लेकिन जैसे ही पेपर लीक और फिर रद्द होने की खबर आई तो वह टूट गई। उसे लगा कि मेहनत पर पानी फिर गया। इतना कहते ही वह रोने लगी। छोटे भाई ने बताई परिवार की कहानी कृष्ण कुमार के आंसू देख उनके छोटे भाई दद्दी प्रसाद उन्हें सहारा देकर अंदर ले जाते हैं। थोड़ी देर में वापस आकर कहते हैं। भैया हार्ट पेशंट हैं। तीन बार अटैक आ चुका है। इलाज में लाखों रुपए खर्च हो चुके। इसके बावजूद बेटी की पढ़ाई में कमी नहीं आने दी। आकांक्षा अपने पिता की तकलीफ और परिवार की हालत को करीब से समझती थी। यही वजह थी कि वह परिवार पर और बोझ नहीं बनना चाहती थी। इसी दबाव ने उसे इतना कमजोर कर दिया कि उसने यह कदम उठा लिया। दद्दी प्रसाद कहते हैं- आकांक्षा बचपन से ही पढ़ाई में तेज थी। उसकी शिक्षा नागपुर में हुई। वहां उसके पिता कृष्ण कुमार चतुर्वेदी 20 साल से परिवार सहित रहकर कुक का काम करते हैं। उनके दो ही बच्चे थे। आकांक्षा और राज। राज नौवीं में है। आकांक्षा डॉक्टर बनना चाहती थी। पिता ने उसकी इच्छा पूरी करने के लिए हरसंभव कोशिश की। NEET की तैयारी और कोचिंग के लिए परिवार ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से लोन लिया। रिश्तेदारों से उधार लिया। वे बेटी की पढ़ाई के लिए करीब 15 लाख रुपए तक का कर्ज ले चुके। उम्मीद नहीं थी कि वह ऐसा कर लेगी दद्दी प्रसाद कहते हैं- आकांक्षा मेहनती और होनहार थी। NEET परीक्षा देने के बाद खुश थी। उसे भरोसा था कि इस बार चयन हो जाएगा, लेकिन पेपर लीक की खबर आने के बाद उसका व्यवहार बदलने लगा। खाना-पीना कम कर दिया। लोगों से बातचीत भी बंद कर दी। वह अंदर ही अंदर निराशा में डूब चुकी थी। उसे लगने लगा था कि यदि परीक्षा दोबारा हुई तो परिवार उसकी तैयारी और खर्च नहीं उठा पाएगा। यही चिंता धीरे-धीरे उसके मनोबल को तोड़ती चली गई। उम्मीद नहीं थी कि वह कोई ऐसा कदम उठा लेगी। सीलिंग फैन से लगाया था फंदा उस दिन 20 मई थी। नागपुर में सब लोग अपने-अपने काम पर गए थे। दोपहर का वक्त था। उसने अपने कमरे में छत के पंखे से लटक कर फांसी लगा ली। परिवारवालों को तो दोपहर साढ़े तीन बजे खबर मिली। उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन सांसें तो पहले ही टूट चुकी थीं। रात होने की वजह से पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ। 21 मई को पोस्टमॉर्टम के बाद दूसरे दिन 22 मई को उसका शव यहां लाया गया। जिस आंगन में वह चाचा-चाचा कहते मेरे साथ खेलती थी, उसी आंगन में उसकी लाश रखी थी। यह देखकर कलेजा फटा जा रहा था। एनएसयूआई ने की ढाई लाख की मदद मामले की जानकारी लगने पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से फोन पर परिजनों की बात कराई। उमंग ने परिवार को हरसंभव आर्थिक और कानूनी मदद का भरोसा दिया। वहीं NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े और प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे समेत कई नेताओं ने सोमवार को गांव पहुंचकर परिवार से मुलाकात की। NSUI की ओर से परिवार को तत्काल 2.5 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी गई है। साथ ही परिवार पर चढ़े कर्ज को चुकाने में मदद का आश्वासन भी दिया गया है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here