राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर नगरीय यातायात पुलिस ने राजधानी में विस्तृत ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है। शहर के 32 परीक्षा केंद्रों पर रविवार 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर मेट्रो निर्माण के कारण यातायात प्रभावित रहेगा, जिसके लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आनंद नगर स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तक पहुंचने वाले मार्ग प्रभात चौराहा से पिपलानी के बीच मेट्रो निर्माण के कारण संकरे हो गए हैं। ऐसे में टीटी नगर, एमपी नगर, कोलार रोड और पुराने भोपाल से आने वाले परीक्षार्थियों को चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल, महात्मा गांधी चौराहा और पिपलानी पेट्रोल पंप होकर जाने की सलाह दी गई है। इसी तरह गौतम नगर स्थित शासकीय गीतांजलि कन्या पीजी कॉलेज के आसपास डीआईजी बंगले से सिंधी कॉलोनी और काजी कैंप के बीच भी मेट्रो कार्य के चलते मार्ग संकरा है। यहां पहुंचने के लिए नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर और जेपी ब्रिज तिराहा होते हुए डीआईजी बंगला चौराहा मार्ग उपयोग करने की सलाह दी गई है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही केंद्रों के आसपास वाहनों की पार्किंग भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने परीक्षा केंद्र का पूर्व में निरीक्षण कर लें और परीक्षा के दिन कम से कम 30 मिनट पहले घर से निकलें, ताकि समय पर केंद्र पहुंचा जा सके। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 7049104825, 7049104640 या व्हाट्सएप नंबर 7587602055 पर संपर्क किया जा सकता है।
