Homeमध्यप्रदेशMP में भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश:भिंड में बिजली गिरने से महिला...

MP में भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश:भिंड में बिजली गिरने से महिला की मौत, दमोह में ओले गिरे; 10 शहरों में पारा 45 पार

नौतपा के चौथे दिन भी मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर बना रहा। प्रदेश के 10 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां पारा 46.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, राजगढ़ में 46 डिग्री, दतिया में 45.7 डिग्री, नौगांव और दमोह-मलाजखंड में 45.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.2 डिग्री, सतना में 45.1 डिग्री और मंडला-सागर में 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। तेज गर्मी के बीच गुरुवार रात कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। भिंड में आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध महिला और चार बकरियों की मौत हो गई। महिला तेज आंधी-पानी के दौरान बकरियों को सुरक्षित जगह बांध रही थी, तभी बिजली गिरने से हादसा हो गया। शहर में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और कई जगह पेड़ गिर गए। आंधी के चलते कई इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई। इधर, दमोह के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में शाम करीब 4:30 बजे बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। करीब आधे घंटे तक ओले गिरते रहे, जिसके बाद मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। ग्वालियर के गांधी रोड इलाके में भी तेज आंधी और बारिश के दौरान एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया। घटना के समय सड़क पर कई वाहन गुजर रहे थे, लेकिन राहत की बात रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के 48 जिलों में हीटवेव और तेज गर्मी का अलर्ट जारी है। खजुराहो और नौगांव पिछले 10 दिनों से प्रदेश के सबसे गर्म शहर बने हुए हैं। दोनों शहरों में तापमान 47 डिग्री के करीब पहुंच चुका है और गुरुवार को यहां तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया। मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले नौतपा के दौरान सेहत का ख्याल रखने वाली ये खबर पढ़ लीजिए… नौतपा में हीटवेव:ये 10 संकेत दिखें यानी आपको लू लग गई है, तुरंत डॉक्टर के पास जाएं, बचाव के लिए करें ये 14 काम नौतपा में भारत के कई शहरों में टेम्परेचर 45°C के पार चला गया है। तेज धूप के साथ चलने वाली गर्म हवाओं से लू यानी हीटस्ट्रोक का रिस्क बढ़ गया है। समय पर इलाज न मिले तो यह स्थिति जानलेवा हो सकती है। रूटीन में कुछ जरूरी बदलाव करके लू के रिस्क से काफी हद तक बचा जा सकता है। पूरी खबर पढ़ें… अगले 3 दिन बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक मौसम का फोरकास्ट जारी किया है। इनमें 29, 30 और 31 मई को कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ऐसा मौसम रहेगा। भोपाल में हर साल नौतपा में बारिश भोपाल में पिछले 14 साल में 7 बार नौतपा के दौरान बारिश दर्ज हुई, जबकि 2 बार सिर्फ बूंदाबांदी हुई थी। इस बार शुरुआत में ही बूंदाबांदी हो गई है। 2018 और 2019 में सबसे ज्यादा तपिश रही, जब औसत तापमान 43 से ऊपर पहुंचा था। अब जानिए प्रदेश के मौसम का हाल… दतिया, रीवा-दमोह भी गर्म रहे, 16 शहरों में 44 डिग्री के पार बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्से में भीषण गर्मी पड़ी। खजुराहो-नौगांव में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया प्रदेश का तीसरा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। यहां पारा 45.7 डिग्री सेल्सियस रहा। रीवा में 45.4 डिग्री, दमोह में 45.2 डिग्री, राजगढ़-टीकमगढ़ में 45 डिग्री, सतना में 44.9 डिग्री, मंडला, नरसिंहपुर-श्योपुर में 44.6 डिग्री, सागर-रायसेन में 44.4 डिग्री, मलाजखंड में 44.2 डिग्री और गुना में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में सबसे ज्यादा 44.5 डिग्री, जबलपुर में 43 डिग्री, भोपाल में 43.6 डिग्री, इंदौर में 40.4 डिग्री और उज्जैन में 41.8 डिग्री रहा। इंदौर-नर्मदापुरम में भी थोड़ी राहत मौसम विभाग ने गुरुवार को कुल 46 जिलों में गर्म हवा चलने और भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी ऐसे जिले हैं, जहां दोपहर में तो तेज गर्मी पड़ेगी, लेकिन शाम को बारिश हो सकती है। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन में भी तेज गर्मी रहेगी। इंदौर, धार, बड़वानी, झाबुआ, आलीराजपुर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल में लू से राहत मिलेगी। आज इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट 4 जिलों में रेड अलर्ट: निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना। 10 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट: सागर, दमोह, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, रीवा, सीधी, मऊगंज और सिंगरौली। 32 जिलों में लू का यलो अलर्ट: भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, रतलाम, नीमच, मंदसौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, मंडला, जबलपुर, डिंडौरी, अनूपपुर और शहडोल। 9 जिलों में तेज गर्मी: इंदौर, धार, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल। यहां आंधी-बारिश भी: छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी। मैप में समझें, अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम मौसम विभाग ने 31 मई तक के लिए मौसम का फोरकास्ट जारी किया है। इसके अनुसार, गुरुवार से ही प्रदेश में तेज गर्मी के साथ आंधी-बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। शुक्रवार, 29 मई को अधिकांश जिलों में बारिश होगी। वहीं, 30-31 मई को गर्मी से राहत मिल सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्से में आंधी और बारिश वाला मौसम बना रहेगा। लू से बचने के लिए दोपहर में घर में ही रहें मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि दोपहर 12 से 3 बजे तक गर्मी का ज्यादा असर रहेगा। ऐसे में लोग जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। दिनभर पर्याप्त पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। हलके रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें। मई में MP के 5 बड़े शहरों में ऐसा ट्रेंड भोपाल में गर्मी के साथ बारिश का भी दौर भोपाल में मई में तेज गर्मी के साथ बारिश का ट्रेंड भी रहा है। यहां 2016 में तापमान रिकॉर्ड 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 2014 से 2023 तक हर साल मई में बारिश दर्ज की गई। 2021 और 2023 में 2 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। इस बार भी मई में बारिश का अलर्ट है। इंदौर में 2023 में गिरा था 3 इंच पानी इंदौर में मई में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई 1994 को यहां रिकॉर्ड 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मई में मौसम बदलने के साथ बादल और बौछारें भी होती हैं। पिछले साल करीब 3 इंच बारिश हुई थी। यहां 2014 से 2023 के बीच 9 बार मई में बारिश हो चुकी है। ग्वालियर में 48 डिग्री के पार पहुंच चुका पारा ग्वालियर में प्रदेश के अन्य बड़े शहरों की तुलना में ज्यादा गर्मी पड़ती है। 10 साल में यहां तापमान एक बार 47 डिग्री और तीन बार 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। 30 मई 1947 को यहां रिकॉर्ड 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मौसम में बदलाव के कारण मई में ग्वालियर में बारिश भी होती है। 17 मई 1953 को 24 घंटे में सर्वाधिक 41.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। 2023 में भी यहां ढाई इंच पानी गिरा था। जबलपुर में 3 बार 45 डिग्री पार कर चुका तापमान जबलपुर में 25 मई 1954 को तापमान रिकॉर्ड 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 10 साल में तीन बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार गया है। मई में यहां बारिश का ट्रेंड भी रहा है। 2014 से 2023 तक हर साल इस महीने बारिश हुई। जबलपुर में 2021 की मई में 3 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी, जबकि पिछले साल करीब 2 इंच पानी गिरा था। उज्जैन में भी गर्मी, बारिश का ट्रेंड उज्जैन में मई में गर्मी और बारिश दोनों का ट्रेंड रहता है। 22 मई 2010 को यहां तापमान रिकॉर्ड 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। 2014 से 2023 के बीच एक बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार गया। हालांकि, पिछले साल तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा नहीं पहुंचा। मई में यहां बारिश भी होती है। पिछले साल करीब पौन इंच पानी गिरा था।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here