Homeमध्यप्रदेशMP में पीक पर गर्मी...7 जिलों में रेड अलर्ट:आज पूरे प्रदेश में...

MP में पीक पर गर्मी…7 जिलों में रेड अलर्ट:आज पूरे प्रदेश में हीटवेव चलेगी; ग्वालियर-चंबल, सागर सबसे ज्यादा तपेगा

एमपी में गर्मी अपने पीक पर है। खजुराहो, नौगांव, निवाड़ी, दतिया, राजगढ़ समेत कई शहर भट्‌टी की तरह तप रहे हैं। बुधवार को प्रदेश के 16 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार रहा। खजुराहो सबसे गर्म रहा। जहां अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 47.4 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, मई में पहली बार खजुराहो इतना तपा है। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार को प्रदेश में नौगांव दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री रहा। दमोह में 46 डिग्री, मंडला में 45.6 डिग्री, सतना में 45.3 डिग्री, मुरैना में 45 डिग्री, टीकमगढ़ में 44.8 डिग्री, उमरिया में 44.7 डिग्री, रीवा में 44.5 डिग्री, सागर, नरसिंहपुर-मलाजखंड में 44.4 डिग्री, रायसेन में 44.2 डिग्री और दतिया में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर में 44.3 डिग्री, भोपाल में 42.6 डिग्री, इंदौर में 41.1 डिग्री और उज्जैन में 42 डिग्री रहा। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल ने गुरुवार को पूरे प्रदेश में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। 7 जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट है। गुरुवार को जिन जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट है, उनमें भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना शामिल हैं। इन शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री या इससे ज्यादा रह सकता है। वहीं, भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन, दमोह, कटनी, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रतलाम और झाबुआ में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग ने बुधवार को इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, अलीराजपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, देवास, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर, नर्मदापुरम, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया और शहडोल में लू का येलो अलर्ट भी जारी किया है। यहां पारा 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। अगले 4 दिन भीषण गर्मी मौसम विभाग ने अगले चार दिन यानी, 23 मई तक के लिए गर्मी का फोरकास्ट जारी किया है। इसमें कहा गया है कि चार दिन तक पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर बना रहेगा। यानी, लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। इसके बाद नौतपा भी लग जाएगा। नौतपा के 9 दिन में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर-जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ेगी। प्रदेश में बुधवार को गर्मी की तस्वीरें… चेतावनी- दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर न निकलें प्रदेश में पिछले 2 दिन से भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने दोपहर में घरों से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने कहा कि दोपहर 12 से 3 बजे तक ज्यादा असर रहेगा। ऐसे में लोग जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकले। मई के 20 में से 15 दिन गिरा पानी मध्य प्रदेश में 30 अप्रैल से आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया था। लगातार 11 दिन यानी 10 मई तक प्रदेश में बारिश हुई। कभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का असर देखने को मिला तो कभी चक्रवात और टर्फ का। इस वजह से मई के पहले सप्ताह में बारिश हुई। 11 मई को आंधी-बारिश का दौर थमा। लेकिन 12 से 18 मई तक लगातार प्रदेश के किसी न किसी हिस्से में आंधी-बारिश या ओलावृष्टि का दौर बना रहा। इस तरह मई के 20 में से 15 दिन आंधी, बारिश या ओलावृष्टि का असर रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम… पर्याप्त पानी पीएं, ज्यादा देर धूप में न रहें गर्मी बढ़ने पर मौसम विभाग ने बचाव की एडवाइजरी जारी की है। लोगों से दिनभर पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है। कहा गया है कि दोपहर में ज्यादा देर धूप में न रहें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें। दोपहर 12 से 3 बजे तक तेज गर्मी पड़ती है। इस दौरान जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। मई में MP के 5 बड़े शहरों में ऐसा ट्रेंड भोपाल में गर्मी के साथ बारिश का भी दौर भोपाल में मई में तेज गर्मी के साथ बारिश का ट्रेंड भी रहा है। यहां 2016 में तापमान रिकॉर्ड 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 2014 से 2023 तक हर साल मई में बारिश दर्ज की गई। 2021 और 2023 में 2 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। इस बार भी मई में बारिश का अलर्ट है। इंदौर में 2023 में गिरा था 3 इंच पानी इंदौर में मई में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई 1994 को यहां रिकॉर्ड 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मई में मौसम बदलने के साथ बादल और बौछारें भी होती हैं। पिछले साल करीब 3 इंच बारिश हुई थी। 2014 से 2023 के बीच 9 बार मई में बारिश हुई। ग्वालियर में 48 डिग्री के पार पहुंच चुका पारा ग्वालियर में प्रदेश के अन्य बड़े शहरों की तुलना में ज्यादा गर्मी पड़ती है। 10 साल में यहां तापमान एक बार 47 डिग्री और तीन बार 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। 30 मई 1947 को यहां रिकॉर्ड 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मौसम में बदलाव के कारण मई में ग्वालियर में बारिश भी होती है। 17 मई 1953 को 24 घंटे में सर्वाधिक 41.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। 2023 में भी यहां ढाई इंच पानी गिरा था। जबलपुर में 3 बार 45 डिग्री पार कर चुका तापमान जबलपुर में 25 मई 1954 को तापमान रिकॉर्ड 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 10 साल में तीन बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार गया है। मई में यहां बारिश का ट्रेंड भी रहा है। 2014 से 2023 तक हर साल इस महीने बारिश हुई। 2021 की मई में 3 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी, जबकि पिछले साल करीब 2 इंच पानी गिरा था। उज्जैन में भी गर्मी, बारिश का ट्रेंड उज्जैन में मई में गर्मी और बारिश दोनों का ट्रेंड रहता है। 22 मई 2010 को यहां तापमान रिकॉर्ड 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। 2014 से 2023 के बीच एक बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार गया। हालांकि, पिछले साल तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा नहीं पहुंचा। मई में यहां बारिश भी होती है। पिछले साल करीब पौन इंच पानी गिरा था। गर्मी में सेहत का ध्यान रखने के लिए ये खबर भी जरूर पढ़ें… जरूरत की खबर- गर्मियों के लिए वर्कआउट सेफ्टी टिप्स: इन 9 संकेतों को न करें इग्नोर, बरतें 11 जरूरी सावधानियां, बता रहे हैं डॉक्टर गर्मियों में फिटनेस रूटीन बनाए रखना चैलेंजिंग होता है। इस दौरान पसीना ज्यादा आता है, जल्दी थकान होती है और डिहाइड्रेशन का रिस्क बढ़ जाता है, जिससे वर्कआउट मुश्किल होता है। कुछ लोग इस वजह से एक्सरसाइज अवॉइड करते हैं, जबकि कुछ बिना सावधानी के वर्कआउट करते हैं। इससे सेहत को नुकसान हो सकता है। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here