रायसेन के दशहरा मैदान में 11 अप्रैल से चल रहे तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव का आज (सोमवार) समापन होगा। समापन अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। वर्तमान में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भी किसानों की समस्याओं को लेकर कार्यक्रम स्थल पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है, वहीं केंद्रीय मंत्री गडकरी दोपहर 12 बजे भोपाल से रवाना होकर कार्यक्रम में पहुंचेंगे। भोपाल से रायसेन पहुंचेंगे गडकरी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी दोपहर 12 बजे भोपाल से प्रस्थान कर रायसेन के दशहरा मैदान पहुंचेंगे। वे यहां सबसे पहले राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे उन्नत कृषि महोत्सव प्रदर्शनी सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। किसानों की समस्याओं को लेकर पहुंचेंगे जीतू पटवारी उन्नत कृषि महोत्सव में मध्य प्रदेश पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भी आने का ऐलान किया है। वे किसानों की समस्याओं को लेकर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। गौरतलब है कि किसानों को जागरूक करने के लिए यह उन्नत कृषि महोत्सव 11 अप्रैल से रायसेन के दशहरा मैदान में आयोजित किया जा रहा है, जिसका आज सोमवार को अंतिम दिन है।
