मंगलवार को रणजीत हनुमान मंदिर में 80 हजार भक्तों के लिए चलिए भंडारा होगा। इसके लिए सोमवार को सुबह भट्टी पूजन होगा। भट्टी पूजन के साथ ही यहां महाभोज बनाने की तैयारी शुरू हो जाएगी। पूजन के बाद सबसे पहले नुक्ती प्रसाद तैयार किया जाएगा। जिसमें दिनभर का समय लगेगा। इसके बाद शाम को पुड़ी और भजिए की तैयारी की जाएगी। गर्मी के मौसम को देखते हुए रामभाजी बनाने का काम मंगलवार सुबह से शुरू किया जाएगा। मंदिर की परंपरानुसार हनुमान जन्मोत्सव के बाद आने वाले मंगलवार को मंदिर में भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस मंगलवार को मंदिर में चलिए भंडारा आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर मंदिर में तैयारियां भी शुरू हो चुकी है। 80 हजार से ज्यादा भक्तों के लिए यहां प्रसादी तैयार की जाएगी। आज होगा भट्टी पूजन, बनेगी नुक्ती मंदिर परिसर में सोमवार सुबह मंदिर के पुजारी पं.दीपेश व्यास सहित अन्य लोगों द्वारा भट्टी पूजन किया जाएगा। विधि-विधान से भट्टी पूजन करने के बाद नुक्ती प्रसाद तैयार किया जाएगा। इसके लिए 15 क्विंटल बेसन, 15 क्विंटल शक्कर, 90 डिब्बे घी, 20 किलो इलायची पाउडर, 5 डिब्बे काजू की टुकड़ी सहित अन्य ड्राइफ्रूट का इस्तेमाल कर नुक्ती तैयार की जाएगी। मंदिर के पुजारी पं.दीपेश व्यास ने बताया कि नुक्ती प्रसादी तैयार होने के बाद शाम को पुड़ी बनाने का काम शुरू किया जाएगा। मंगलवार को तैयार होगी रामभाजी उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए मंगलवार को ही रामभाजी बनाने का काम शुरू किया जाएगा। शाम को बाबा की आरती और भोग लगाने के बाद मंदिर परिसर में चलिए भंडारे की शुरुआत कर दी जाएगी। भक्त लाइन में आएंगे और पैकेट में प्रसादी लेकर बाहर निकल सकेंगे। ऐसी व्यवस्था यहां की जा रही है कि भक्त पैकेट अपने साथ घर भी ले जा सकेंगे।
