इंदौर में आज आईपीएल की तर्ज पर मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) के लिए पहली बार खिलाड़ियों की नीलामी होगी। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दोपहर 2:30 बजे से होने वाली इस नीलामी में 244 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। हर फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों की खरीद के लिए 50 लाख रुपए का पर्स दिया गया है। आईपीएल के बाद जून में एमपीएल इंदौर और ग्वालियर में खेला जाएगा। आवेश खान, आशुतोष शर्मा, अनिकेत वर्मा, माधव तिवारी और शिवांग कुमार पर बड़ी बोली लगने की उम्मीद है। इंदौर में होने वाली इस नीलामी की प्रक्रिया चारू शर्मा कराएंगे। इस दौरान मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महानआर्यमान सिंधिया भी मौजूद रहेंगे। नीलामी के लिए 244 खिलाड़ियों का पूल है। इनमें से 10 फ्रेंचाइजी टीमें अपने खिलाड़ी चुनेंगी। टीमों में 133 से 143 खिलाड़ियों का चयन होगा। हर टीम में 16-17 खिलाड़ी हो सकते हैं। इस बार तीन नई टीमें लीग में शामिल हुई हैं। सबसे महंगे वेंकटेश अय्यर पिछले संस्करण की सात टीमों ने अपने एक-एक आक्क्रन खिलाड़ी को रिटेन किया है। इनमें सबसे महंगे वेंकटेश अय्यर हैं, जिन्हें पिंक पैंथर्स टीम ने 12 लाख 50 हजार रुपए में रिटेन किया है। वे आरसीबी में रजत पाटीदार की कप्तानी में खेलते हैं, लेकिन रजत को ग्वालियर चीतास ने सात लाख रुपए में रिटेन किया है। उनसे महंगे अर्शद खान हैं, जिन्हें भोपाल लेपर्ट्स ने आठ लाख रुपए में रिटेन किया है। उम्र सीमा का नियम 19 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों को इस लीग में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी। यह फैसला बीसीसीआई की नीति के अनुरूप है, जो घरेलू टूर्नामेंट में कम आयु वर्ग के लिए टी-20 नहीं कराती। उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को लंबे प्रारूपों (रेड-बॉल क्रिकेट) के प्रति गंभीर बनाना है। फ्रेंचाइजी टीमें जेएन भाया ट्रॉफी (अंतर-संभागीय टी-20) में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखेंगी। इससे बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीमों में जगह मिलने और आगे आईपीएल जैसी बड़ी लीग में जाने के रास्ते खुलेंगे। यह बदलाव मध्य प्रदेश क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और राज्य की प्रतिभाओं को बड़ा आर्थिक और खेल लाभ मिलेगा। 27 खिलाड़ी टीम में शामिल हो चुके सभी टीमों ने दो-दो खिलाड़ियों को प्रतिभा खोज योजना के तहत भी अपनी टीम में शामिल किया है। इस तरह 27 खिलाड़ी पहले ही टीमों से जुड़ चुके हैं। इसके बावजूद कई बड़े नामों पर टीमों की निगाह होगी। इनमें तेज गेंदबाज आवेश खान, अनिकेत वर्मा, आशुतोष शर्मा सहित आइपीएल के कई खिलाड़ियों पर टीमें बोली लगाएंगी। आवेश को लखनऊ सुपर जाइंट्स टीम ने 9.75 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है। अनिकेत वर्मा ने सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से आइपीएल के पहले ही मैच में 18 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली थी। आशुतोष शर्मा दिल्ली कैपिटल्स से 3.80 करोड़ रुपए में जुड़े हैं। ऐसे कई नाम हैं। कुल 11 खिलाड़ियों को मार्की खिलाड़ी का दर्जा दिया गया है, जिनका आधार मूल्य तीन लाख रुपए है। एमपी के यह खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं मध्यप्रदेश के 11 खिलाड़ी इस साल आईपीएल में खेल रहे हैं। आरसीबी से रजत पाटीदार, वेंकटेश अय्यर और मंगेश यादव खेल रहे हैं। लखनऊ सुपर जाइंट्स से आवेश खान और अक्षत रघुवंशी खेल रहे हैं। गुजरात टाइंट्स से अरशद खान और कुलवंत खेरजोलिया खेल रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद से अनिकेत वर्मा और शिवांग कुमार खेल रहे हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स से कुलदीप सेन और दिल्ली कैपिट्लस से माधव तिवारी खेल रहे हैं।
