मैहर में सोमवार को भगवान महावीर जयंती के अवसर पर जैन समाज की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा स्थानीय जैन मंदिर से शुरू हुई। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों काली माता चौक, रेलवे स्टेशन, स्टेट बैंक चौराहा, घंटाघर, कटरा बाजार और चंडी देवी मंदिर से होते हुए पुनः जैन मंदिर पर समाप्त हुई। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत का प्रयोग किया गया। श्रद्धालु हाथों में ध्वज और बैनर लिए भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश का प्रचार करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा का पूरे मार्ग में जगह-जगह स्वागत किया गया। इस अवसर पर डॉ. कैलाश जैन, सुनील जैन, जयंत जैन, प्रमोद जैन, भव्यं जैन, दिलीप जैन सहित जैन समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी की।
