भोपाल के टीटी नगर में रहने वाली माइनिंग विभाग की कर्मचारी को उसी के घर में बंधक बनाकर लूट की वारदात हुई। आरोपी पीड़िता की नौकरानी का बेटा है, जिसने अपने नाबालिग मौसेरे भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने महिला को चाकू की नोक पर घर में बंधक बनाकर लूटा। इस दौरान बदमाश 1.68 लाख रुपए कैश, एप्पल के मोबाइल सहित करीब सवा तीन लाख रुपए का माल लूट कर भाग निकले। घटना शनिवार शाम की है। पुलिस ने रविवार तड़के एफआईआर दर्ज की है। बाल अपचारी सहित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। लूट की रकम सहित अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। हत्या के प्रयास के मामले में जेल से छूटा है आरोपी टीआई गौरव सिंह ने बताया कि अर्चना वर्मा (28) 98 क्वार्टर टीटी नगर में रहती हैं। वह माइनिंग डिपार्टमेंट में असिस्टेंट ग्रेड-3 का जॉब करती हैं। पिता सेक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। जबकि मां का बीमारी के चलते निधन हो चुका है। अर्चना ने हाउस कीपिंग के लिए मेड को रखा है। इसी मेड का बेटा आशीष उर्फ गोली रायकवार है। जो हाल ही में हत्या के प्रयास के मामले में जेल से छूटा है। गेट खुलते ही धक्का देकर दोनों अंदर दाखिल हुए आशीष भी अर्चना के घर के छोटे-मोटे काम करता था। उसका पीड़िता के घर पहले से ही आना-जाना रहा है। उसे घर के बारे में सब कुछ पता था। अशीष ने अपने 15 साल के मौसेरे भाई के साथ मिलकर अर्चना के घर में लूटपाट की योजना बनाई थी। उसे पूरी जानकारी थी कि महिला के पिता कब जॉब पर आते-जाते हैं। घटना के समय काम के बहाने आरोपी पीड़िता के घर पहुंचे। गेट नॉक किया। गेट खुलते ही धक्का देकर अंदर दाखिल हुए और चाकू की नोक पर महिला से कहां-क्या रखा है इसकी जानकारी ली। करीब 15 मिनट के भीतर बदमाशों ने कैश, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूटा और घर से भाग निकले। आरोपी बोला- लोन रिकवरी के लिए फोन आ रहे थे आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि समूह का लोन भरने के लिए उसने लूट की वारदात की है। रिकवरी के लिए लगातार उसे कॉल आ रहे थे। बची रकम से वह अपने शौक पूरे करने वाला था। नई बाइक खरीदने का प्लान था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपीऔर उसके नाबालिग सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
