Homeमध्यप्रदेशस्टाफ ही ठगों को दे रहा था मरीजों की जानकारी:हमीदिया के 3...

स्टाफ ही ठगों को दे रहा था मरीजों की जानकारी:हमीदिया के 3 विभागों में 20% मिलता था कमीशन; अबतक 10 परिजन से फ्रॉड, FIR

डिजिटल अरेस्ट से लेकर फिशिंग के जरिए ठगी के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं, लेकिन अब ठगी का एक नया पैटर्न सामने आया है। इसके जरिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन को निशाना बनाया गया। जनवरी माह से अब तक 10 से अधिक लोग इस ठगी का शिकार हो चुके हैं। इनमें से केवल तीन पीड़ित कोहेफिजा थाने पहुंचे और कुल 30 हजार रुपए से अधिक की ठगी की शिकायत दर्ज कराई। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि हमीदिया अस्पताल का स्टाफ ही ठग जितेंद्र खागरे को मरीजों की जानकारी और उनके परिजन के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था। इसके बाद ठग खुद को डॉक्टर बताकर बेहतर इलाज का लालच देता और फिर क्यूआर कोड भेजकर अपने खाते में पैसे मंगवाता था। शुक्रवार को ठगी के इस गिरोह के मुख्य आरोपी, बैतूल निवासी जितेंद्र खागरे को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर कोहेफिजा थाने की पुलिस को सौंप दिया। थाने से मिली जानकारी के अनुसार, ठग को गुरुवार रात इंदौर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ डॉक्टर बनकर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्टाफ को मिल रहा था 20% कमीशन सिक्योरटी एजेंसी के अनुसार, ठग के नेटवर्क की जड़ें हमीदिया अस्पताल के तीन प्रमुख विभागों तक फैली हुई हैं। इनमें स्त्री रोग विभाग, पीडियाट्रिक विभाग और इमरजेंसी मेडिसिन विभाग शामिल हैं। जानकारियों के बदले स्टाफ को 20 प्रतिशत कमीशन दिया जा रहा था। स्टाफ के 7 लोगों के शामिल होने की आशंका अब तक की जांच में करीब 7 अस्पताल स्टाफ के इस नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है। हालांकि, इनकी पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि, एक बात स्पष्ट हुई है कि स्टाफ ठग को जानकारी सिर्फ कमीशन के लिए दे रहे थे। मरीजों से जुड़ी ये जानकारी देते थे अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि जिन भी स्टाफ के नाम सामने आएंगे, उन्हें तत्काल अस्पताल से हटा दिया जाएगा। वहीं, थाना कोहेफिजा पुलिस इन कर्मचारियों की पहचान होने के बाद उन पर भी कार्रवाई करेगी। डॉक्टर बनकर पीड़ित से मिला जितेंद्र एक पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके बच्चे के दिल में छेद था। जिसके इलाज के लिए बच्चे को हमीदिया में भर्ती कराया था। जितेंद्र ने अस्पताल में भी डॉक्टर बनकर उनसे मुलाकात की थी। बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सामने आई आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद पीड़ित परिवार और उसके बीच हुई बातचीत की ऑडियो सामने आई हैं। पढ़िए… जितेंद्र- दस हजार रुपए दे दो…इससे ईको करा देंगे। बच्चे के पिता- आईसीयू वाले बोल रहे हैं कि एक महीने बाद ही जांच होगी। इससे पहले नंबर नहीं आएगा। जितेंद्र- आप सब छोड़ो, मेरा काम करो। तत्काल करा दूंगा। यहां तक की बाद में भी आपका साथ दूंगा। घर जाने के लिए एम्बुलेंस फ्री में दिला दूंगा। मेरे नंबर पर डेढ़ बजे तक पैसा डलवा देना। कहो तो बारकोड सेंड कर देता हूं। बच्चे के पिता- आप फिक्र मत करो डेढ़ बजे से पहले ही रकम आप तक पहुंच जाएगी, पैसा मेरे भाई के नंबर से डलवा रहा हूं। फोन पर बोला-जच्चा-बच्चा खतरे में हैं, फौरन पैसे भेजो हमीदिया अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को ठगने के लिए आरोपियों ने बेहद शातिर तरीका अपनाया। ठग खुद को अस्पताल का डॉक्टर बताकर फोन करते थे और मरीज की हालत गंभीर होने का हवाला देकर पैसों की मांग करते थे। नेहरू नगर भोपाल निवासी नितेश विश्वकर्मा को भी इसी तरह फंसाया। पत्नी किरण गर्भावस्था के चलते हमीदिया अस्पताल में भर्ती हुई थीं। ऑपरेशन के बाद मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को हमीदिया का डॉक्टर बताया और कहा कि जच्चा-बच्चा दोनों खतरे में हैं, बेहतर इलाज के लिए फौरन पैसे भेजने होंगे। जाल में फंसाया और 3 से वसूल डाले 30 हजार रुपए घबराए नितेश ने बताए गए यूपीआई पर 8 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन बाद फिर कॉल आया और पत्नी की हालत गंभीर बताकर दोबारा 2,999 रुपए मंगवा लिए। बाद में कॉल बंद हो गया, तब जाकर नितेश को ठगी का शक हुआ। जांच में सामने आया कि इसी तरह विनोद अहिरवार और संजय बाटेला से भी पैसे वसूले गए। सिर्फ इन तीन पीड़ितों से ही 30 हजार रुपए से ज्यादा की ठगी की गई थी। अधीक्षक बोले- पैसे मांगे जाएं तो तुरंत शिकायत करें हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुनीत टंडन ने मरीजों और उनके परिजन से ठगी को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर अस्पताल के नाम पर किसी भी तरह की ठगी होती है, तो पीड़ित को तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करना चाहिए। डॉ. टंडन ने स्पष्ट किया कि अगर कोई व्यक्ति खुद को अस्पताल से जुड़ा बताकर पैसे की मांग करे या क्यूआर कोड भेजे तो तत्काल इसकी जानकारी हमीदिया अस्पताल के सिक्योरिटी सुपरवाइजर को दें। हमीदिया अस्पताल में सभी मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर इलाज दिया जाता है। कोई भी डॉक्टर या अस्पताल स्टाफ किसी मरीज या परिजन से अतिरिक्त पैसे की मांग नहीं करता। अगर कोई व्यक्ति इलाज के नाम पर पैसे मांगता है, तो वह पूरी तरह से फ्रॉड है और ऐसे मामलों में तुरंत शिकायत करना जरूरी है। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… फोन पर बोला-आपकी पत्नी के लिवर में सूजन…5 हजार भेजो भोपाल के हमीदिया अस्पताल में एक खास तरीका अपनाकर ऑनलाइन ठगी की गई। शातिर ठग ने यहां भर्ती मरीजों और उनके परिजन को डॉक्टर बनकर फोन किया। बेहतर इलाज और सुरक्षित ऑपरेशन का झांसा देकर रकम की डिमांड की। क्यूआर कोड भेजकर पैसा ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिया। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here