बालाघाट जिले के कटंगी क्षेत्र के आगरवाड़ा गांव में चैत्र नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी शारदेय और चैत्र नवरात्र पर यहां प्रतिमा विराजित कर ग्रामीण मां की आराधना करते हैं। चैत्र नवरात्र के लिए ग्रामीण मूर्तिकार के यहां से धूमधाम के साथ मां की मनोहारी प्रतिमा लेकर पहुंचे। देर रात फूलों से सजे पंडाल में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ मां आदिशक्ति की प्रतिमा को विराजित किया गया। नवरात्र में नौ दिनों तक होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन ग्रामीण कमलकिशोर राउत ने बताया कि चैत्र नवरात्र के नौ दिनों तक ग्रामीणों के सहयोग से विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता भी शामिल है, जो कल से शुरू होगी। रामनवमी पर होगी माता की विदाई अन्य कार्यक्रमों में भजन मंडली, आर्केस्ट्रा और ग्रामीण बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। अष्टमी पर हवन-पूजन और माता के भंडारे का आयोजन होगा, जिसके बाद रामनवमी पर माता रानी को विदाई दी जाएगी। कमलकिशोर राउत ने सभी भक्तों से ग्राम में विराजित माता रानी के दर्शन और पूजन सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
