सतना। चित्रकूट नगर में लगभग साढ़े तीन माह पहले हवाई फायर कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने तीन इनामी आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की तलाश 102 दिनों से जारी थी। पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने इनकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में कुल पांच आरोपी शामिल थे, जिनमें से दो पहले ही रायपुर और फतेहपुर की जेलों में बंद हैं। चित्रकूट टीआई जीएस बाजपेयी ने बताया कि यह घटना 2 दिसंबर 2025 को हुई थी। प्रमोद कुमार गौतम (35), निवासी बघोलन, जिला बांदा, सती अनुसुइया से दर्शन कर ऑटो से बस स्टैंड जा रहे थे। न्यू मिश्रा ढाबा के पास 4-5 बदमाश आने-जाने वाले लोगों से गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने दहशत फैलाने के इरादे से कट्टे से हवाई फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर जमा होने लगे। भीड़ को देखकर पांचों बदमाश अपनी बाइक (क्रमांक एमएच 05 एफएच 3262) छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। प्रमोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। लगभग साढ़े तीन महीने की लंबी जांच-पड़ताल के बाद, पुलिस टीम ने पारंपरिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इनमें सिराज सिद्दीकी, राजेश यादव उर्फ थोपू, शीबू अतीक, गोलू उर्फ शिवनारायण रैकवार और कल्लू उर्फ प्रदीप सोनी (28), निवासी कर्वी, जिला चित्रकूट धाम-यूपी शामिल थे। मंगलवार को शिवनारायण, प्रदीप और शीबू अतीक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 12 बोर का कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों को दोपहर में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। रायपुर और फतेहपुर जेल में बंद हैं दो आरोपी वहीं फायरिंग के प्रकरण में चिन्हित आरोपी सिराज सिद्दीकी के संबंध में पता चला कि एक गंभीर अपराध में कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़ की पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए रायपुर जेल में बंद कर दिया था, तो वहीं राजेश यादव एक अन्य अपराध में यूपी के फतेहपुर जेल में बंद है। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल करने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
