एलपीजी की किल्लत के बीच रविवार को शहर में गैस सिलेंडर की मारामारी रही। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम ने रविवार को भी एजेंसी खोलने के निर्देश दिए थे, लेकिन कई जगह एजेंसियां बंद रहने की शिकायत आई। हालांिक, एजेंसी संचालकों का कहना है कि गोदामों से सिलेंडरों की होम डिलीवरी की गई। दावा है कि रविवार को तकरीबन 10 हजार सिलेंडर घरों पर पहुंचाए गए। रविवार को एचपी और भारत गैस की भी फोन नंबर पर बुकिंग हुई। हालांकि, कुछ लोगों ने ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने की शिकायत भी की। शिकायत के बाद कलेक्टर ने खुलवाई एजेंसियां, कुछ के नंबर बंद मिले इधर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी… रविवार को 5 नंबर बस स्टॉप के पास जौहर गैस एजेंसी पर ताला मिला। इसके बाद कांग्रेस नेता मुजाहिद सिद्दीकी समर्थकों के साथ पहुंचे और नारेबाजी की। प्रभात चौराहे पर सत्यपाल इंडेन के बंद होने पर कांग्रेस नेता मो. शावर ने समर्थकों के साथ हंगामा किया। बैरागढ़ के श्याम सुंदर ने बताया कि गुरुनानक गैस एजेंसी पर बुकिंग के लिए फोन लगाया, लेकिन फोन बंद था। कोलार और शाहपुरा इलाके में भी गैस एजेंसियां बंद थीं। वहीं त्रिलंगा, गुलमोहर, सलैया, रायसेन रोड और पिपलिया पेंदे खां में दो-तीन दिन पहले बुक सिलेंडर मिल गए। प्लांट की शिफ्ट बदलेगी, तेज होगी आपूर्ति… इंडेन के प्लांट की शिफ्ट बदलने से दोपहर में ट्रक एजेंसी तक पहुंच रहे थे। इसलिए घरों तक डिलीवरी में एक दिन देरी हो रही थी। भास्कर ने रविवार को इस संबंध में खबर छापी, इसके बाद कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने प्लांट का टाइम बदलने के निर्देश दिए। सोमवार से प्लांट की शिफ्ट बदल दी जाएगी। एक-दो दिनों में सामान्य होंगे हालात जहां से शिकायत मिली, उन एजेंसियों को खुलवा दिया गया। सिलेंडर की डिलीवरी की स्थिति काफी सुधर गई है। एक-दो दिन में हालात सामान्य होने की उम्मीद है। एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सिलेंडर की होम डिलीवरी करें, लाइन नहीं लगवाएं। -कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर
