मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। पीएम मोदी का दिग्विजय के भाषण पर तंज
संसद में बजट पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्विजय सिंह के भाषण पर चुटकी ली। उन्होंने सदन में मुस्कुराते हुए कहा कि क्या यही दिन देखना बाकी रह गए थे? प्रधानमंत्री मोदी ने दिग्विजय सिंह का बिना नाम लिए कहा- आदरणीय सभापति जी, मैं कल एक माननीय सदस्य को सुन रहा था। वो अपने आप को राजा कहलाने में बहुत गर्व करते हैं, लेकिन वही आर्थिक असमानता की चर्चा कर रहे थे। पीएम मोदी ने आगे तंज कसते हुए कहा- बताइए, जो खुद को राजा माने और वो आर्थिक असमानता की बात करे, क्या यही दिन देखना बाकी रह गए थे? दरअसल, दिग्विजय सिंह ने अपने भाषण में कहा था कि देश में सामाजिक सौहार्द और समरसता बिगड़ रही है और इसके साथ ही आर्थिक असमानता भी बढ़ती जा रही है। हालांकि बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष के लगभग हर सांसद ने सरकार को घेरने की कोशिश की, लेकिन जब प्रधानमंत्री मोदी ने जवाब दिया, तो इस सियासी बहस में ‘राजा साहब’ सीधे तंज की जद में आ गए। लाड़ली बहनों पर बयान, फिर पलट गए मंत्री
लाड़ली बहनों का नाम काटने की बात कहने वाले मंत्री करण सिंह वर्मा अब अपने बयान से पलटते नजर आ रहे हैं। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा। उनके शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। मंत्री का कहना है कि उन्होंने तो केवल लाड़ली बहनों को भोजन पर आमंत्रित किया था। हालांकि, उन्होंने खेद भी जताया। करण सिंह वर्मा के बयान ने सरकार की किरकिरी करा दी। विपक्ष ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। आखिरकार, लाड़ली बहनों ने भाजपा को सत्ता के सिंहासन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में उनकी नाराजगी सरकार के लिए भारी पड़ सकती है। ऐसे में मामला बढ़ता देख मंत्री ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी। अब लोग कह रहे हैं कि नेताओं का ये खास गुण होता है। पहले बयान देते हैं, विवाद खड़ा होता है और फिर सफाई देकर, खेद जताकर अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश करते हैं। इससे पहले लाड़ली बहनों को लेकर मंत्री विजय शाह भी इसी तरह की स्थिति का सामना कर चुके हैं। भाजपा नेता के घर चोरी, कांग्रेस विधायक खुश
श्योपुर में भाजपा के पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय के घर चोरी की घटना सामने आई है। चोर उनके घर में लगे एसी का पंखा ही चुरा ले गए। इस घटना के बाद सियासत भी गर्मा गई। कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल की खुशी का तो जैसे ठिकाना ही नहीं रहा। उन्होंने भाजपा नेता के यहां चोरी करने वाले चोर को ही धन्यवाद दे डाला। इतना ही नहीं, कांग्रेस विधायक ने यहां तक कह दिया कि ऐसे चोर को तो वह इनाम देंगे। दरअसल, बाबू जंडेल इस पूरे मामले के जरिए भाजपा शासन में कानून व्यवस्था पर तंज कस रहे थे। उनका कहना था कि जब सत्ताधारी दल के नेता के घर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। मीडिया के सवाल पर मंत्री विजय शाह की चुप्पी
भोपाल में भाजपा दफ्तर पहुंचे मंत्री विजय शाह कैमरे देखते ही बचते नजर आए। उन्होंने बिना रुके सीधे कार की ओर कदम बढ़ाए, गाड़ी में बैठते ही शीशा चढ़ाया और रवाना हो गए। मीडिया के किसी भी सवाल का उन्होंने जवाब नहीं दिया। दरअसल, कर्नल सोफिया पर दिए गए उनके बयान को लेकर 9 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। मीडिया इसी मुद्दे पर सवाल करना चाह रही थी, लेकिन मंत्री ने मानो सवालों से पहले ही टॉप गियर लगा दिया। अब सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। लोग कह रहे हैं कि इसे ही कहते हैं- दूध का जला छाछ को भी फूंक-फूंककर पीता है। वहीं कुछ का ये भी कहना है कि कहीं पार्टी ने मंत्री की जुबान पर ताला तो नहीं लगा दिया। इनपुट सहयोग – बृजेंद्र मिश्रा (भोपाल), महेंद्र सिंह ठाकुर (सीहोर), कुलदीप (श्योपुर) ये भी पढ़ें –
सीएम ने योग में बाबा रामदेव को दी टक्कर: सिंधिया ने भाजपा विधायक को कहा- ये मेरे लिए भगवान जैसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव योग में बाबा रामदेव को टक्कर देते नजर आए। सीएम हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ पहुंचे थे, जहां उन्होंने बाबा रामदेव के साथ शीर्षासन और मयूरासन जैसे कठिन आसन किए। सीएम का यह रूप देखकर बाबा रामदेव भी हैरान रह गए। पूरी खबर पढ़ें
