एलीवेटेड रोड निर्माण के कारण फूलबाग पर लगी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को शिफ्ट करने के लिए भारतीय जनता पार्टी अब नए स्थान की तलाश कर रही है। हालांकि 21 जनवरी को भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर आकाशवाणी चौराहे पर डॉ.मुखर्जी की प्रतिमा शिफ्ट कराने के लिए पत्र लिखा था। इसके लिए यहां सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किया गया। लेकिन इसी दौरान पूर्व विधायक बाबू रघुवीर सिंह की प्रतिमा यहां लगा दी गई। इसे लेकर पहले तो प्रतिमा को गलत तरीके से लगाने के आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक की प्रतिमा हटाने के निर्देश दिए गए। लेकिन इसी बीच बाबूजी के परिजन 7 साल पहले 3 दिसंबर 2019 को परिषद द्वारा किए गए ठहराव की प्रति लेकर निगम अफसरों के पास पहुंच गए। उन्होंने बताया कि बाबूजी की प्रतिमा परिषद की अनुमति से लगाई गई है। हालांकि इसके बाद भी पार्टी के स्थानीय नेता इस पर सहमत नहीं थे, लेकिन वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद अब वे डॉ.मुखर्जी की प्रतिमा के लिए नया स्थान तलाश रहे हैं। बाबूजी की प्रतिमा लगाने को लेकर तत्कालीन विधायक मुन्नालाल गोयल सहित अन्य नेताओं ने भी पत्र लिखकर सहमति दी थी। ठहराव के 6 साल बाद दिसंबर 2025 में प्रतिमा लगाने को लेकर बाबूजी के परिजन सक्रिय हुए और उन्होंने प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, महापौर डॉ. शोभा सिकरवार आदि से पत्र लिखवाए। इसके बाद प्रतिमा की लगाई गई। परिषद की स्वीकृति के बाद लगाई प्रतिमा
^बाबूजी की प्रतिमा लगाने के लिए 2019 में ही परिषद की स्वीकृति मिल गई थी। परिषद के ठहराव के बाद ही प्रतिमा लगाई है। -रामसुंदर रामू, भाजपा नेता और पुत्र स्वर्गीय बाबू रघुवीर सिंह
कोई विवाद नहीं, नया स्थान तलाशेंगे
डॉ.मुखर्जी की प्रतिमा के लिए नए स्थान की तलाश कर रहे हैं। इस मामले को लेकर कार्यकर्ताओं में विवाद नहीं है। -जयप्रकाश राजौरिया, जिलाध्यक्ष, भाजपा
बिना सूचना लगाई प्रतिमा, नोटिस दिया
आकाशवाणी चौराहे पर बाबूजी की प्रतिमा को ठेकेदार ने निगम को बिना सूचना दिए प्रतिमा लगाई है। नोटिस देकर ठेकेदार को प्रतिमा हटाने की कहा है।
-संघ प्रिय, आयुक्त ननि
