मंदसौर में सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती एक नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म तक पहुंच गई। दलौदा थाना क्षेत्र से 26 जनवरी को लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा को पुलिस ने 11 दिन बाद उत्तरप्रदेश के ग्रेटर नोएडा से सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में मेरठ निवासी युवक मोहम्मद शकील को गिरफ्तार किया गया है। करीब एक साल से आरोपी और नाबालिग के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के जरिए बातचीत हो रही थी। नाबालिग के पास मोबाइल फोन नहीं था और वह टैबलेट के माध्यम से आरोपी से संपर्क में थी। पुलिस के अनुसार, लगातार बातचीत के दौरान आरोपी ने भरोसा जीतकर शादी का झांसा दिया। मेरठ से मंदसौर आया, नाबालिग को ले गया
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मेरठ से मंदसौर आया और 26 जनवरी को नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। किशोरी के लापता होने पर परिजनों ने दलौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने 11 दिन बाद ग्रेटर नोएडा से नाबालिग को बरामद किया। कोर्ट ने 2 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा
पुलिस छात्रा और आरोपी को मंदसौर लेकर आई। पुलिस के अनुसार, पीड़िता 16 वर्षीय नाबालिग है और दसवीं कक्षा की छात्रा है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वह सोशल मीडिया के जरिए अन्य नाबालिगों के संपर्क में था। स्नैपचैट क्या है?
स्नैपचैट एक सोशल मीडिया मैसेजिंग ऐप है, जिसमें भेजे गए फोटो, वीडियो और चैट कुछ समय बाद अपने-आप डिलीट हो जाते हैं। इसमें डिसअपीयरिंग मैसेज, सीक्रेट चैट, फिल्टर और लोकेशन शेयरिंग जैसे फीचर होते हैं। यही वजह है कि इस प्लेटफॉर्म पर की गई बातचीत के डिजिटल सबूत सीमित होते हैं। साइबर एक्सपर्ट्स के अनुसार, नाबालिगों के लिए यह ऐप संवेदनशील हो सकता है, क्योंकि अपराधी इसी गोपनीयता का फायदा उठाकर भरोसा जीतने और अपराध को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। यह खबर भी पढ़ें आठवीं की छात्रा का अपहरण कर जंगल में गैंगरेप मऊगंज में 14 साल की आठवीं की छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। छात्रा गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे सहेली के साथ आठवीं प्री-बोर्ड की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में दो बाइक पर चार युवक मिले। दोनों छात्राओं को जंगल ले गए। एक को कुछ दूर पर छोड़ दिया, फिर दूसरी छात्रा के साथ गैंगरेप किया। पढ़ें पूरी खबर
