टी20 वर्ल्ड कप के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत की खिताबी जीत का गंजबासौदा में जबरदस्त जश्न मनाया गया। रविवार शाम जैसे ही भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर विश्व कप अपने नाम किया, पूरा शहर ‘भारत माता की जय’ के नारों और पटाखों की गूंज से सराबोर हो गया। बड़ी स्क्रीन पर हजारों ने देखा महामुकाबला फाइनल मैच के रोमांच को देखते हुए नगर के पाठशाला ग्राउंड, सिटी मार्ग और स्टेशन मार्ग पर विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं। पाठशाला ग्राउंड में हर साल की परंपरा के अनुसार इस बार भी सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी एकत्रित हुए। भारतीय बल्लेबाजों द्वारा लगाए गए हर चौके-छक्के पर दर्शकों ने झूमकर अपनी खुशी जाहिर की। जीत के बाद देर रात तक चला जश्न मैच शाम 7 बजे शुरू हुआ था और रात लगभग 10:30 बजे जैसे ही भारत की जीत सुनिश्चित हुई, समर्थकों का हुजूम सड़कों पर उतर आया। लोगों ने तिरंगा लहराते हुए जीत का जश्न मनाया और जमकर आतिशबाजी की। गेंदबाजों और बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन मैच के दौरान भारतीय टीम के संतुलित प्रदर्शन ने दर्शकों को बांधे रखा। पहले बल्लेबाजी में बड़े स्कोर और फिर गेंदबाजों द्वारा विकेट चटकाने पर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। जीत के बाद देर रात तक शहर के विभिन्न चौराहों पर नाच-गाने और जीत की बधाई देने का सिलसिला चलता रहा।
