भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 फाइनल मुकाबले को लेकर राजधानी में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को होने वाले इस बड़े मुकाबले से पहले ही शहर का माहौल क्रिकेटमय हो गया है। बाजारों, चौराहों, कैफे और कॉलोनियों में मैच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोग अपनी-अपनी तरह से मैच देखने की तैयारियों में जुट गए हैं। शहर के कई ढाबों, रेस्टोरेंट और कैफे में बड़े एलईडी स्क्रीन लगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि क्रिकेट प्रेमी एक साथ बैठकर फाइनल मुकाबले का आनंद ले सकें। कई स्थानों पर विशेष ऑफर और क्रिकेट थीम पर सजावट भी की जा रही है। युवाओं के बीच खासा उत्साह है और वे दोस्तों के साथ मिलकर मैच देखने की योजना बना रहे हैं।
वहीं कई कॉलोनियों और मोहल्लों में भी सामूहिक रूप से मैच देखने के लिए तैयारी की जा रही है। क्रिकेट प्रेमी तिरंगा झंडा और टीम इंडिया की जर्सी के साथ फाइनल मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं। खेल प्रेमियों का कहना है कि लंबे समय बाद भारत को एक और बड़ा खिताब जीतने का मौका मिला है, इसलिए सभी की निगाहें इस मैच पर टिकी हुई हैं। दूसरी ओर मंदिरों में भी टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थनाएं शुरू हो गई हैं। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम करेगी। ऐसे में पूरे शहर में रविवार को होने वाले इस महामुकाबले को लेकर खासा उत्साह और रोमांच का माहौल बना हुआ है।
