मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक घर में आग लगने से 95 वर्षीय वृद्धा की झुलसकर मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने धुआं उठता देख मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वृद्धा का निधन हो चुका था। यह घटना शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे की बताई जा रही है। मृतिका की पहचान शिवराजपुर निवासी रुकमनिया तिवारी (95) पत्नी स्व. राजबहोर तिवारी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी परिवार के सदस्य आदर्श तिवारी ने पुलिस को दी। आदर्श तिवारी ने बताया कि वह सुबह घर में सो रहा था, तभी उनकी मां शिववती तिवारी ने रुकमनिया तिवारी के घर से धुआं और आग की लपटें उठने की सूचना दी। शोर सुनकर आदर्श तिवारी तुरंत मौके पर पहुंचे और देखा कि कमरे के अंदर आग लगी हुई थी। गांव के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और बाल्टी और पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। आग बुझने के बाद जब लोग कमरे के अंदर गए, तो रुकमनिया तिवारी जमीन पर जली हुई अवस्था में मृत पाई गईं। आग की चपेट में चारपाई, बिस्तर, कपड़े और कमरे की लकड़ी भी जल गई। कारण स्पष्ट नहीं नईगढ़ी थाना क्षेत्र के रामपुर चौकी प्रभारी अनंत विजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच जारी है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
