Homeमध्यप्रदेश28 साल पहले मोदी से इंप्रेस होकर छोड़ी कांग्रेस:अब मुलाकात की आस...

28 साल पहले मोदी से इंप्रेस होकर छोड़ी कांग्रेस:अब मुलाकात की आस में 14 महीने से पूर्व मंत्री ने त्याग रखा है अन्न

मध्यप्रदेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार में राज्यमंत्री का पद और लालबत्ती छोड़कर वर्ष 1998 में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाले वरिष्ठ नेता राणा राजेंद्र सिंह गहलोत आज अपनी ही पार्टी में उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं। उदयगढ़ (जिला अलीराजपुर) निवासी और वर्तमान में भोपाल में रह रहे पूर्व राज्यमंत्री गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर और मीडिया के सामने अपनी व्यथा साझा की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1998 में जब देश और प्रदेश में कांग्रेस का बोलबाला था, तब वे दिग्विजय सिंह सरकार में उद्यमी विकास संस्थान के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) थे। उस समय मध्यप्रदेश के भाजपा संगठन प्रभारी रहे नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और हिंदुत्ववादी छवि से प्रभावित होकर उन्होंने भोपाल के एक समारोह में मंत्री पद त्यागकर भाजपा की सदस्यता ली थी। गहलोत का आरोप है कि भाजपा में आने के बाद से लेकर अब तक बीते 28 वर्षों से प्रदेश के नेताओं द्वारा भेदभावपूर्ण नीति अपनाते हुए उन्हें लगातार दरकिनार किया गया, जिससे उनका राजनीतिक भविष्य चौपट हो गया है। 14 महीने से छोड़ा दोनों समय का भोजन, 31 दिसंबर तक पूरे होंगे 500 दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट न हो पाने से आहत पूर्व राज्यमंत्री ने एक कठिन संकल्प लिया है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जब पिछले 12 वर्षों के लगातार प्रयासों के बाद भी उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला, तो उन्होंने 9 अगस्त 2025 को दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में ईश्वर को साक्षी मानकर दोनों समय का भोजन त्यागने का संकल्प ले लिया। वे पिछले करीब 14 महीनों से बिना अन्न ग्रहण किए केवल जूस, दूध और फलों के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं। गहलोत के अनुसार, यदि आगामी 31 दिसंबर 2026 तक उनकी भेंट नहीं होती है, तो उनके भोजन त्याग के 16 माह यानी करीब 500 दिन पूरे हो जाएंगे। उन्होंने पीएम से 31 दिसंबर 2026 से पहले मुलाकात का समय देने की गुहार लगाई है। दिल्ली का कड़वा अनुभव सुनाया ‘गाड़ी खड़ी की तो गार्ड बोले- गोली मार देंगे, जासूस हो क्या?’ पीएम से मिलने के लिए दिल्ली गए पूर्व राज्यमंत्री को वहाँ बेहद कड़वे अनुभवों का सामना करना पड़ा। गहलोत ने बताया कि जब वे प्रधानमंत्री निवास और कार्यालय के पास पहुँचे, तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें गाड़ी तक खड़ी नहीं करने दी और सख्त लहजे में कहा कि “कार मत खड़ी करो, गोली मार देंगे, तुम जासूस तो नहीं हो?” इस पर उन्होंने अपनी बेबसी जाहिर करते हुए कहा कि वे 12 साल से परेशान होकर मिलने आए हैं। इसके बाद उन्हें पीएम निवास के बजाय ‘सेवा तीर्थ’ में संपर्क करने को कहा गया। वे वहाँ भी गए और अधिकारियों को अपनी पीड़ा बताई, जहाँ से केवल आश्वासन मिला लेकिन आज तक कोई सूचना नहीं आई। गहलोत के पास पीएम को भेजे गए 100 से 200 स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, कूरियर और ई-मेल की रसीदें सबूत के तौर पर मौजूद हैं। कांग्रेस छोड़ने पर झेली प्रताड़ना, चुनावों में भाजपा को जिताने में निभाई अहम भूमिका अपने पत्र में गहलोत ने खुलासा किया कि 1998 में कांग्रेस छोड़ने के बाद तत्कालीन कैबिनेट मंत्री कांतिलाल भूरिया और अधिकारियों ने उन पर पार्टी में लौटने का भारी दबाव बनाया था। बात न मानने पर उनके विभाग का बजट रोककर यात्रा भत्ता और ईंधन खर्च के करीब 10 लाख रुपये अटका दिए गए और उन पर दो लाख रुपये की रिकवरी निकालकर प्रकरण दर्ज करवा दिया गया। इसके बावजूद वे भाजपा के प्रति निष्ठावान रहे और 2013 के विधानसभा चुनाव में पेटलावद से निर्मला भूरिया, 2014 के लोकसभा चुनाव में दिलीप सिंह भूरिया, 2021 के जोबट उपचुनाव में सुलोचना रावत और 2022 के गुजरात चुनाव में दाहोद जिले की सीटों पर भाजपा को भारी बहुमत से जिताने में सक्रिय भूमिका निभाई। आरक्षित क्षेत्र होने से चुनाव लड़ने का मौका नहीं, आयोग या राज्यसभा में अवसर की मांग पूर्व राज्यमंत्री ने अपनी भौगोलिक और सामाजिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि उनका गृह क्षेत्र अलीराजपुर और झाबुआ आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित है, जबकि वे पिछड़ी जाति से आते हैं। इस कारण वे अपने क्षेत्र से लोकसभा या विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ सकते। उन्होंने प्रधानमंत्री से निवेदन किया है कि उनके 28 वर्षों के वनवास और निष्ठा को देखते हुए उन्हें केंद्र या राज्य सरकार के किसी निगम, मंडल, आयोग या बोर्ड में पदाधिकारी बनाया जाए अथवा राज्यसभा में भेजकर पुनः जनसेवा का अवसर प्रदान किया जाए।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here