मुरैना जिले के जौरा शहर के आजाद नगर इलाके में बच्चों के बीच हुआ मामूली झगड़ा देखते ही देखते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले और इसी बीच देशी कट्टे से गोली चलने की बात भी सामने आई है। गोली लगने से सलमा पत्नी उस्मान खां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी गर्दन में गोली लगी है, जिसके बाद स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज कर उन्हें मुरैना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस खूनी मारपीट में दोनों पक्षों के करीब 12 लोग जख्मी हुए हैं। घटना सोमवार रात करीब साढ़े 8 से 9 बजे के बीच की है। जानकारी के मुताबिक, यह विवाद आजाद नगर दुर्गापुरी स्थित राजोदा हाउस के पीछे हुआ। यहां किसी बात को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी हो गई थी। शुरुआत में बच्चों के बीच हुआ यह झगड़ा कुछ ही देर में बड़ों तक पहुंच गया और देखते ही देखते खटीक व मुस्लिम पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी हंगामे और मारपीट के दौरान चली गोली सलमा की गर्दन में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। इस झगड़े में मुस्लिम पक्ष की ओर से पप्पू पिता जुम्मन खां, शुमान खां और इमरान घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से विष्णु, दीपक, रवि, सोनू, लक्ष्मीनारायण और विजय समेत कुछ अन्य लोगों को चोटें आई हैं। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया क्रॉस केस इस पूरे मामले पर जौरा थाना प्रभारी (TI) छत्रपाल सिंह वैस ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें दोनों तरफ के लोग घायल हुए हैं। गोली लगने से घायल हुई महिला की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मुरैना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस विवाद की असली वजह और मौके पर गोली चलाने वाले आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
