ग्वालियर के जीवाजीगंज स्थित 417 साल पुराने ऐतिहासिक भगवान कार्तिकेय मंदिर के पट सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात ठीक 12 बजे खोल दिए गए। साल में केवल एक बार कार्तिक पूर्णिमा पर खुलने वाले इस मंदिर में मंगलवार सुबह 4 बजे से श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया। भक्त रात 12 बजे तक भगवान के दर्शन कर सकेंगे। मान्यता है कि इस दिन भगवान कार्तिकेय के दर्शन करने से हर मनोकामना पूरी होती है। यही वजह है कि ग्वालियर-चंबल अंचल के अलावा दिल्ली, मुंबई, आगरा और दक्षिण भारत से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। आधी रात को खुले पट, 365 बत्तियों का दीपक जलाया रात 12 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद सबसे पहले परिसर की साफ-सफाई और शुद्धिकरण किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान कार्तिकेय का अभिषेक और विशेष श्रृंगार किया गया। पूरे साल में एक बार होने वाले दर्शनों के प्रतीक के रूप में मंदिर में 365 बत्तियों वाला विशेष दीपक प्रज्वलित किया गया। इसके बाद सुबह 4 बजे से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए गए। सात पीढ़ियों से पुजारी परिवार संभाल रहा सेवा मंदिर के पुजारी दिनेश अमित शर्मा ने बताया कि उनका परिवार सात पीढ़ियों से भगवान कार्तिकेय की सेवा कर रहा है। भगवान कार्तिकेय का जन्म कार्तिकेय नक्षत्र में हुआ था, इसलिए कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु आते हैं। मंगलवार दोपहर 11 बजे मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड का पाठ होगा। इसके बाद भगवान को 2 क्विंटल लड्डुओं का महाभोग और अन्नकूट अर्पित किया जाएगा। प्रसाद भक्तों में वितरित किया जाएगा। कई वर्षों से मंदिर में दर्शन करने आ रहीं श्रद्धालु रेनू ने बताया कि उनकी भगवान कार्तिकेय में गहरी आस्था है। यहां मांगी गई हर मुराद पूरी होती है, इसलिए वे हर साल दर्शन के लिए आती हैं। आखिर साल में एक ही दिन क्यों खुलते हैं मंदिर के पट? पौराणिक मान्यता के अनुसार, एक बार भगवान शिव और माता पार्वती ने अपने दोनों पुत्रों गणेश और कार्तिकेय के सामने शर्त रखी कि जो सबसे पहले तीनों लोकों की परिक्रमा करके लौटेगा, वही प्रथम पूज्य होगा। भगवान गणेश ने अपनी बुद्धि का परिचय देते हुए माता-पिता की परिक्रमा कर ली और प्रथम पूज्य बन गए। जब भगवान कार्तिकेय ब्रह्मांड की परिक्रमा करके लौटे तो गणेशजी को प्रथम पूज्य बनाए जाने से वे क्रोधित हो गए। मान्यता है कि उन्होंने एक गुफा में जाकर खुद को बंद कर लिया और श्राप दिया कि उनके दर्शन करने वाली स्त्री विधवा हो जाएगी और पुरुष को सात जन्मों तक नरक भोगना पड़ेगा। इसके बाद भगवान शिव ने कार्तिकेय को समझाया और उन्हें वरदान दिया कि कार्तिक पूर्णिमा यानी उनके जन्मदिन पर दर्शन करना शुभ फलदायी होगा। इसी मान्यता के चलते ग्वालियर का यह मंदिर साल में केवल एक दिन कार्तिक पूर्णिमा पर खोला जाता है।
