मंच से सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने पूछा- इस्तीफा दे दूं? भीड़ ने जवाब दिया- दे दो। रतलाम के रानीसिंह में 15 नवंबर को हुई यह प्रतिक्रिया वायरल हो गई थी। इसके पीछे की वजह तलाशने हम सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के गांव राधाकुआं पहुंचे। यहां उनके अपने परिवार ने ही कामकाज पर सवाल उठाए। बड़े भाई बोले- पता नहीं क्या काम किया, वह तो कभी आए ही नहीं।
जिस स्कूल में विधायक ने पढ़ाई की, वहां पहली से पांचवीं तक की पांच कक्षाएं एक ही कमरे में लगती मिलीं। ग्रामीणों ने सड़क, पानी, बिजली और विधायक से संपर्क नहीं हो पाने की शिकायत की। विधायक का तर्क है कि 550 गांवों के क्षेत्र में एक ही गांव के सारे काम नहीं कर सकते। सवाल यह है कि तीन साल में विधायक के अपने गांव की तस्वीर कितनी बदली और इस्तीफे की बात पर तालियों के बजाय ‘दे दो’ की आवाज क्यों गूंजी? विधायक के गृहग्राम राधाकुआं से ये ग्राउंड रिपोर्ट पढ़िए… 15 नवंबर को रतलाम जिले के रानीसिंह गांव में बिरसा मुंडा जयंती के कार्यक्रम में भारत आदिवासी पार्टी के प्रदेश के इकलौते सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार दूसरे विधायकों के साथ विधानसभा में बैठने को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा में 230 विधायकों के लिए एक ही प्रवेश द्वार है और सीटें भी पास-पास हैं। इसी दौरान उन्होंने इस्तीफे की बात कही। भीड़ के जवाब पर बोले कि इसके लिए भोपाल जाना पड़ेगा। बाद में उन्होंने सफाई दी कि कार्यक्रम में कुछ लोग उन्हें उकसा रहे थे। विधायक के स्कूल में एक कमरे में पांच कक्षाएं राधाकुआं गांव में विधायक की पहचान आज भी उनकी पुरानी झोपड़ी और सादगी से जुड़ी है। उनके पुराने घर तक सीसी रोड बनी है। माता-पिता अब झोपड़ी के पास बने मकान में रहते हैं। पुरानी झोपड़ी पहले जैसी ही है। हम उस प्राथमिक स्कूल पहुंचे, जहां विधायक ने पांचवीं तक पढ़ाई की थी। यहां पहली से पांचवीं तक की पांचों कक्षाएं एक ही कमरे में लग रही हैं। कमरे में दोनों ओर बोर्ड लगे हैं और शिक्षक दोनों तरफ पढ़ाते हैं। विधायक बोले- पेड़ के नीचे पढ़ा हूं, दो पंखे और कुर्सियां लगवाईं स्कूल की स्थिति पर विधायक ने कहा जब वो यहां पढ़ते थे, तब पेड़ के नीचे बैठना पड़ता था। विधायक बनने के बाद उन्होंने दो पंखे लगवाए, बच्चों के बैठने के लिए कुर्सियां रखवाईं और खिड़कियां लगवाई हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में 550 गांव हैं। ऐसे में एक ही गांव में सारे काम करना ठीक नहीं होगा। पिता और भाई ने अलग-अलग बातें कहीं विधायक के पिता ओंकार डोडियार ने गांव की स्थिति पर कहा कि इस बार बारिश नहीं होने से पानी की समस्या बनी हुई है। बेटे के गांव आने-जाने के बारे में उन्होंने माना कि वह ज्यादातर समय रतलाम में रहते हैं और गांव कम ही आते हैं। हालांकि, उन्होंने इसकी वजह विधानसभा क्षेत्र का बड़ा होना बताया। उनके मुताबिक, विधायक को पूरे क्षेत्र के काम देखने पड़ते हैं। ग्रामीणों की शिकायत- अब फोन भी नहीं उठाते राधाकुआं और आसपास के ग्रामीणों ने सड़क, पानी, बिजली और विधायक से संपर्क नहीं हो पाने की शिकायतें कीं। नारू डिंडोर ने कहा कि क्षेत्र में पानी और सड़क की समस्या बनी हुई है। कई बार मांग रखने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। कैलाश मेढ़ा ने कहा कि चुनाव के समय विधायक ने मोबाइल नंबर दिया था, लेकिन अब फोन बंद रहता है। ग्रामीण अपनी समस्या लेकर कहां जाएं? कांतिलाल निनामा ने कहा कि विधायक ने चुनाव के समय सड़क, श्मशान घाट और बिजली के लिए डीपी लगवाने का वादा किया था, लेकिन काम नहीं हुए। तंज कसते हुए बोले- पहले बाइक से आकर पूछताछ करते थे लेकिन अब विधायक रईस हो गए हैं। विधायक का जवाब-एक ही गांव में सब काम नहीं कर सकता परिवार और ग्रामीणों की शिकायतों पर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि उनका विधानसभा क्षेत्र बड़ा है। उन्होंने कहा, “एक ही गांव में सब कर दूंगा तो सही नहीं रहेगा। 550 गांव हैं।” तीन साल के कार्यकाल को लेकर उन्होंने कहा कि आगे भी काम करेंगे और ढंग से करेंगे। अगला चुनाव ऐतिहासिक रूप से जीतेंगे। इस्तीफे पर बोले- चेतन्य काश्यप के घर जाना गलत नहीं डोडियार ने रानीसिंह के कार्यक्रम में इस्तीफे की बात कहने के पीछे राजनीतिक संदर्भ बताया। उनके मुताबिक, वहां सवाल उठाया गया था कि वे मंत्री चेतन्य काश्यप के घर क्यों गए थे। विधायक ने कहा कि किसी की मां का निधन होने पर संवेदना जताने जाना गलत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में मौजूद कुछ भाजपा और कांग्रेस के लोग उन्हें उकसा रहे थे। उनके मुताबिक, भीड़ की प्रतिक्रिया उनके कामकाज को लेकर नहीं, बल्कि मंत्री के घर जाने के सवाल पर थी। विपक्ष बोला- पांच साल के लिए चुना, इस्तीफे की बात क्यों? पूर्व विधायक हर्ष विजय गहलोत ने कहा कि जनता ने डोडियार को पांच साल के लिए चुनकर विधानसभा भेजा है। उन्हें इस्तीफे की बात करने के बजाय कार्यकाल पूरा कर जनता के काम करने चाहिए। गहलोत ने कहा कि कभी पढ़ाई के लिए वेतन-भत्ते लेने से मना करते हैं, कभी इस्तीफे की बात करते हैं। जनता ने जिस विश्वास के साथ चुना है, उस पर खरा उतरना चाहिए। इस्तीफे की बात से जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। विधायक को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। ये खबर भी पढ़ें… विधायक ने पूछा- इस्तीफा दे दूं क्या?:भीड़ से आवाज आई- दे दो रतलाम के सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे मंच से लोगों से पूछते नजर आ रहे हैं- क्या इस्तीफा दे दूं क्या? इस पर भीड़ से आवाज आई- दे दो। जवाब में विधायक ने कहा- ओके, दे देंगे। पढ़ें पूरी खबर…
