इंदौर आरटीओ में 20 से 31 अक्टूबर तक 7 दिन में 2,788 ड्राइविंग लाइसेंस जारी हुए। यहां ट्रायल का तय समय रोज ढाई घंटे का है। इस हिसाब से हर जारी लाइसेंस के आवेदक ने औसतन 22.6 सेकंड में ट्रायल दिया। जब भास्कर रिपोर्टर ने खुद 8 आकार में बने ट्रायल ट्रैक पर तय प्रक्रिया के तहत कार चलाई तो सामान्य ड्राइविंग और रिवर्स करने की प्रक्रिया में 1 मिनट 38 सेकंड लगे। यहां रिपोर्टर के सामने हुए एक अन्य ट्रायल में भी 2 मिनट लगे। इसके बावजूद एआरटीओ का दावा है कि एक ट्रायल 52 सेकंड में हो जाता है। उधर, डिप्टी टीसी के मुताबिक सामान्य तौर पर इसमें 5 से 7 मिनट लगने चाहिए। इससे साफ जाहिर होता है कि इंदौर आरटीओ में कई लाइसेंस बगैर ट्रायल लिए बनाए जा रहे हैं। भास्कर रिपोर्टर ने 5 उन आवेदकों से बात की, जिन्होंने 26 से 30 अक्टूबर के बीच लाइसेंस बनवाए हैं। एक आवेदक ने बताया कि 29 अक्टूबर को 4 से 5 बजे के बीच सीधे आरटीओ गए। फोटो कराई, दस्तावेजों पर साइन किए। किसी तरह का ट्रायल हुआ ही नहीं। डॉक्टर ने बोलने से मना किया अभी मैं अस्पताल में हूं। डॉक्टरों ने बात करने से मना किया है। – राजेश गुप्ता, एआरटीओ लाइसेंस का डेटा देखने का अधिकार मेरे पास नहीं है। इस संबंध में जो भी जानकारी चाहिए, एआरटीओ ही बताएंगे। अंकित चिंतामन, बाबू
