दतिया में एनएच-44 पर डगरई टोल प्लाजा के सोमवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक फिसलकर गिरने से युवक की गर्दन धड़ से अलग हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक घायल मिला है। उसकी पहचान लल्लूराम आदिवासी के रूप में हुई है। वह नशे की हालत में था इस कारण पुलिस को हादसे की स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है। चिरूला थाना प्रभारी हिमांशु भार्गव ने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायल लल्लूराम ने पुलिस को बताया कि वह झांसी के बरुआसागर क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों युवक कहां से आ रहे थे और उन्हें कहां जाना था, इसकी जानकारी भी अभी नहीं मिल पाई है। ट्रक और ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान हादसा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक और ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान बाइक हादसे का शिकार हुई होगी। हालांकि, बाइक किस वाहन की चपेट में आई और हादसा कैसे हुआ, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद ट्रक और ट्रैक्टर दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहनों की पहचान हो सके। मृतक की पहचान के लिए पुलिस टीम बरुआसागर भी भेजी गई है। वहीं, घायल लल्लूराम का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
