पानी की बोतल में 970 ग्राम MD ड्रग्स छिपाकर दिल्ली से नागपुर जा रहा कर्नाटक का मैकेनिकल इंजीनियर भोपाल में पकड़ा गया। भोपाल की गोविंदपुरा पुलिस ने ISBT के पास अंतरराज्यीय बसों की चेकिंग के दौरान उसे गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए मादक पदार्थ को पानी की बोतल में छिपा रखा था। पुलिस के मुताबिक, आगामी त्योहारों के मद्देनजर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अंतरराज्यीय वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी अभियान के तहत गोविंदपुरा पुलिस की टीम ने ISBT के पास दिल्ली से नागपुर जा रही यात्री बस को चेकिंग के लिए रोका। इस दौरान यात्रियों की जांच करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 970 ग्राम MD (मेथामफेटामिन) ड्रग्स बरामद हुई। मैकेनिकल इंजीनियर है आरोपी युवक गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाख एएन निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है। वह पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी दिल्ली से नागपुर की ओर जा रहा था। हालांकि, वह ड्रग्स कहां से लेकर आया था और इसकी डिलीवरी किसे देनी थी, इसका खुलासा पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। नागपुर में किसे देनी थी ड्रग्स, नेटवर्क की तलाश पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि MD ड्रग्स की खेप कहां तैयार हुई, आरोपी तक कैसे पहुंची और नागपुर में इसका खरीदार कौन था। इसके अलावा तस्करी में शामिल अन्य लोगों और संभावित सप्लाई चेन की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की कार्रवाई कर रही है।
