इंदौर में 15 नवंबर की शाम पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के नाम होगी। उनके लाइव कॉन्सर्ट को लेकर शहर में तैयारियां चल रही हैं, लेकिन लगातार मिल रही बम धमकियों ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और क्राइम ब्रांच की टीमें दिन में 3 से 4 बार आयोजन स्थल की जांच कर रही है। कार्यक्रम के दिन पुरे समय यह टीमें मौके पर ही रहेगी। हर नाके और चौराहे पर भी पुलिस की नजर रहेगी। इसके अलावा ड्रोन से भी निगरानी शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक कॉन्सर्ट की सुरक्षा को लेकर आयोजकों से लगातार चर्चा की जा रही है। आयोजन स्थल पर पुलिस बल, स्थानीय थानों की टीम, क्राइम ब्रांच, BDS और निजी सुरक्षा व्यवस्था को मिलाकर सुरक्षा का खाका तैयार किया जा रहा है। धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्यक्रम चार लाख स्कवेयर फीट मैदान में होगा। इसके लिए विशेष स्टेज भी तैयार किया जाएगा। अब तक तीन बार मिल चुके ई-मेल दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले इंदौर में धमकी भरे ई-मेल मिलने का सिलसिला जारी है। अब महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह तीसरी बार है, जब शहर में इस तरह की धमकी सामने आई है। इससे पहले शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को भी धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। ताजा धमकी मिलने के बाद महापौर सचिवालय की ओर से क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम ने सचिवालय पहुंचकर पूरे परिसर की जांच की। धमकी भरे ई-मेल में बंधन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक और महापौर सचिवालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। ई-मेल में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र किया गया था। साथ ही अभिभावकों को चेतावनी दी गई थी कि वे अपने बच्चों को कार्यक्रम में न भेजें। ग्वालियर हाईकोर्ट को भी आ चुका मेल ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भी इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल आया था। मामले में उत्तर प्रदेश ATS ने मंगलवार रात एक संदिग्ध को पकड़ा है। उसके ई-मेल अकाउंट से बड़ी संख्या में धमकी भरे संदेश मिले हैं। पूछताछ में संदिग्ध ने दावा किया कि उसने अपना ई-मेल अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया था। अब ATS ई-मेल खरीदने वाले की तलाश कर रही है। जांच की जा रही है कि धमकी भरे संदेश किसने भेजे थे। मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। देवास के युवक की हैक ई-मेल आईडी से भेजा था संदेश पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि पहले मिले धमकी भरे ई-मेल में देवास के एक युवक की हैक की गई ई-मेल आईडी का इस्तेमाल किया गया था। युवक का नाम निखिल गुप्ता है। वे एक निजी कंपनी में काम करते हैं। जांच में पता चला कि उनका ई-मेल अकाउंट इसी साल मार्च-अप्रैल में हैक हो गया था। वे काफी समय से अपना अकाउंट रिकवर करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने निखिल के बयान भी दर्ज किए हैं। ई-मेल अकाउंट के लॉगिन रिकॉर्ड की जांच में अमेरिका का एक संदिग्ध IP एड्रेस सामने आया है। लॉगिन के दौरान VPN का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी मिली है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि ई-मेल आईडी निखिल की होने का मतलब यह नहीं है कि धमकी उन्होंने ही भेजी थी। अब यह पता लगाया जा रहा है कि हैक किए गए अकाउंट का इस्तेमाल किसने किया। चार अलग-अलग जगहों पर मिले धमकी भरे ई-मेल एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, गुरुवार को सुबह 10:30 से 10:36 बजे के बीच, दोपहर 12 बजे और 1:47 बजे चार अलग-अलग जगहों पर धमकी भरे ई-मेल मिले। इनमें पंजाब नेशनल बैंक भी शामिल है। पुलिस को जांच के दौरान दो अलग-अलग ई-मेल आईडी मिली हैं। साइबर टीम इन आईडी के आधार पर तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए लॉगिन रिकॉर्ड, IP एड्रेस और अन्य डिजिटल जानकारियों की जांच की जा रही है। डार्क वेब और साइबर नेटवर्क के एंगल से जांच अलग-अलग ई-मेल आईडी से धमकियां मिलने के बाद पुलिस इस मामले को साइबर अपराध के एंगल से भी जांच रही है। जांच में डार्क वेब से ई-मेल डेटा खरीदने और हैक किए गए अकाउंट का इस्तेमाल करने जैसे पहलुओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाला कोई एक व्यक्ति है या इसके पीछे कोई संगठित साइबर नेटवर्क काम कर रहा है। अब तक की जांच में धमकियां फर्जी और भ्रामक पाई गई हैं। हालांकि, बार-बार धमकी मिलने के कारण सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही। 500 से अधिक पुलिस बल की तैनाती कॉन्सर्ट की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने व्यापक इंतजाम करने की तैयारी की है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया कि आयोजन की सुरक्षा के संबंध में आयोजकों से बातचीत चल रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनमें स्थानीय थानों का बल, क्राइम ब्रांच और अन्य पुलिस टीमें शामिल रहेंगी। BDS की टीम भी लगातार जांच करेगी। आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में दिन में 3 से 4 बार BDS और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच कर रही है। हर नाके और चौराहे पर पुलिस की तैनाती रहेगी, ताकि आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। आयोजकों की निजी सुरक्षा टीम भी पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। 15 नवंबर को C21 ग्राउंड पर होना है कॉन्सर्ट दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट 15 नवंबर को इंदौर के C21 ग्राउंड पर प्रस्तावित है। इसके लिए आयोजकों ने पुलिस प्रशासन से अनुमति मांगी है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, पुलिस आवेदन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच कर रही है। दिलजीत बोले- इंदौर आऊंगा और सबसे पहले पोहा खाऊंगा लगातार धमकियों और सुरक्षा तैयारियों के बीच दिलजीत दोसांझ ने भी इंदौर आने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी।। उन्होंने इंदौर की मशहूर छप्पन दुकान की पुरानी तस्वीरें शेयर कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा- ‘मैं आऊंगा और सबसे पहले पोहा खाऊंगा।’ दिलजीत की इस पोस्ट के बाद उनके इंदौर आने और कॉन्सर्ट को लेकर प्रशंसकों में उत्साह है। यह खबर भी पढ़ें… दिलजीत बोले-पोहा खाने इंदौर जरूर आऊंगा चार गानों पर रोक और लगातार मिल रही धमकियों के बीच पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने इंदौर आने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। उन्होंने छप्पन दुकान की पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘मैं आऊंगा और सबसे पहले पोहा खाऊंगा।’ पूरी खबर यहां पढ़ें…
