Homeछत्तीसगढ़सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक ED की रिमांड पर:ED का दावा- अमेरिकी...

सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक ED की रिमांड पर:ED का दावा- अमेरिकी कंपनी खरीदने में लगाए 766 करोड़, 3 साल की कोशिश के बाद पकड़ाया

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार (13 नवंबर) को गिरफ्तार कर लिया। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में PMLA की धारा 19 के तहत यह कार्रवाई की है। रायपुर की विशेष अदालत ने सौरभ को 7 दिन की ED रिमांड पर भेज दिया है। उससे 19 नवंबर तक पूछताछ की जाएगी। करीब 3 साल की कोशिशों के बाद सौरभ को भारत लाया गया है। वह इस सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है, जिसे भारत वापस लाकर गिरफ्तार किया गया है। पहले ये तस्वीरें देखिए… दुबई से चलाता था सट्टे का नेटवर्क, हर महीने 450 करोड़ की कमाई

ED के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और उसके साथी रवि उप्पल महादेव ऑनलाइन बुक नाम से ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे। इसका मुख्यालय दुबई में था। भारत और UAE में सट्टे के पैनल फ्रेंचाइजी के जरिए चलाए जाते थे।
इस नेटवर्क में लोग ऑनलाइन सट्टा लगाते थे। खिलाड़ियों से मिलने वाला पैसा दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा कराया जाता था। इसके बाद हवाला के जरिए यह रकम भारत से बाहर भेजी जाती थी। ED ने 20 अक्टूबर 2023 को अदालत में पेश की गई अपनी मुख्य शिकायत में इस सिंडिकेट की कमाई करीब 450 करोड़ रुपए हर महीने बताई थी। समन के बाद भी पेश नहीं हुआ, कोर्ट ने जारी किया था वारंट ED के मुताबिक, सितंबर 2023 में सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन वह जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ। इसके बाद ED ने विशेष अदालत में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी करने की मांग की थी। 4 सितंबर 2023 को अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया। ED के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। सौरभ ने इस वारंट को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन 22 मार्च 2025 को उसकी याचिका खारिज हो गई। ED के अनुसार, सौरभ ने भारतीय पासपोर्ट होने के बावजूद वानुआतु का पासपोर्ट भी हासिल कर लिया था। उसने विशेष अदालत में यह दावा भी किया था कि वह 28 जून 2022 को भारतीय नागरिकता छोड़ चुका है। ओमान की कोर्ट ने भारत प्रत्यर्पण का आदेश दिया सौरभ को भारत लाने के लिए ED ने विशेष अदालत के जरिए ओमान को प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा था। यह अनुरोध भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत राजनयिक माध्यमों से भेजा गया था। 8 अक्टूबर 2026 को मस्कट की कोर्ट ऑफ अपील ने सौरभ के भारत प्रत्यर्पण का आदेश दिया। अदालत ने उसकी नागरिकता से जुड़ी दलील खारिज कर दी। भारतीय दूतावास ने पुष्टि की थी कि सौरभ भारतीय नागरिक है। ED की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सौरभ को मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फर्जी यात्रा दस्तावेज के साथ बाहर जाने की कोशिश के दौरान पकड़ा गया था। इसके बाद 1 नवंबर 2026 को CBI की टीम उसे मस्कट से भारत लेकर आई। ED ने इस कार्रवाई में ओमान के अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार जताया है।
190 ठिकानों पर छापे, 2 हजार करोड़ की संपत्ति जब्त या फ्रीज ED के मुताबिक, इस मामले में अब तक करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ली जा चुकी है। जांच के दौरान करीब 2 हजार करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त या फ्रीज की गई है। वहीं, करीब 3,500 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की गई हैं। अटैच की गई संपत्तियों में करीब 1,800 करोड़ रुपए की विदेश में मौजूद संपत्तियां शामिल हैं। दुबई में 22 अचल संपत्तियां भी अटैच की गई हैं। ED इस मामले में अब तक 116 आरोपियों के खिलाफ 6 अभियोजन शिकायतें (प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट) दाखिल कर चुकी है। सौरभ चंद्राकर इस केस में ED की ओर से गिरफ्तार किया गया 15वां आरोपी है। सट्टे की कमाई से अमेरिकी कंपनी खरीदने में लगाए 766 करोड़ ED ने जांच के दौरान सट्टे से कमाए गए पैसों के इस्तेमाल का भी पता लगाया। एजेंसी के मुताबिक, उसने पैनल चलाने वालों से लेकर दुबई स्थित मुख्यालय, हवाला ऑपरेटरों और शेयर बाजार में निवेश करने वालों तक पैसों के लेन-देन की जांच की। सितंबर 2023 में ED ने दुबई की कंपनियों के पास मौजूद करीब 236 करोड़ रुपए की सिक्योरिटीज फ्रीज की थीं। जुलाई 2026 में ED ने विकास गर्ग को गिरफ्तार किया था। उसकी कंपनियों में सट्टे से कमाए गए करीब 940 करोड़ रुपए पहुंचे थे। इनमें से करीब 766 करोड़ रुपए अमेरिका की कंपनी Ebix Inc. को खरीदने में लगाए गए थे। ED ने इस मामले से जुड़े पैसों के लेन-देन में करीब 941 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की है। दुबई में शादी पर 200 करोड़ रुपए कैश खर्च किए ED ने सौरभ चंद्राकर की फरवरी 2023 में रास अल खैमाह (UAE) में हुई शादी के खर्च की भी जांच की है। एजेंसी के मुताबिक, इस शादी में करीब 200 करोड़ रुपए नकद खर्च किए गए थे। शादी में नागपुर से 3 चार्टर्ड विमान भेजे गए थे। ED ने इवेंट कंपनी, होटल और अंगड़िया फर्मों के जरिए इस रकम के लेन-देन का पता लगाया। जांच के दौरान मिली मेहमानों की सूची से सिंडिकेट के मैनेजमेंट से जुड़े लोगों की पहचान भी हुई। अब डिजिटल डेटा और सहयोगियों के बयानों से होगा सामना ED की रिमांड में सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डेटा और विदेशी कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की जाएगी। एजेंसी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सबूतों के आधार पर उससे सवाल करेगी। ED के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है। …………………. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… महादेव सट्टा, सौरभ चंद्राकर 8 दिन की CBI रिमांड पर: दिल्ली ले जाएगी टीम; 12 नवंबर को पेशी, ED ने भी रिमांड की मांग रखी रायपुर की CBI कोर्ट में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को पेश किया गया। कोर्ट ने CBI को 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर की है। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here