Homeमध्यप्रदेश50 फीट दूर लूट, गार्ड-कर्मचारी को भनक नहीं लगी:मंडी में सो रहे...

50 फीट दूर लूट, गार्ड-कर्मचारी को भनक नहीं लगी:मंडी में सो रहे अकाउंटेंट का ईंट से सिर कुचला; 100 CCTV खंगाल रही पुलिस

रायसेन कृषि उपज मंडी में बदमाशों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि सुरक्षा के सारे इंतजाम धरे रह गए। करीब नौ एकड़ में फैली मंडी की निगरानी के लिए 3 सुरक्षा गार्ड तैनात समेत 32 कैमरे लगे हैं। बावजूद बदमाश बेखौफ होकर गल्ला व्यापारी की फर्म में घुसे। वहां सो रहे 30 साल से काम कर रहे अकाउंटेंट पदम सिंह यादव के हाथ-पैर बांधे और ईंट से सिर व चेहरे पर बेरहमी से वार किए। इसके बाद लाखों रुपए लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि फर्म मुख्य गेट से महज 50 फीट दूर थी। वहां कर्मचारी और गार्ड भी तैनात थे, लेकिन किसी को वारदात की भनक तक नहीं लगी। व्यापारी मनोज राठौर के मुताबिक, फर्म में करीब 15 लाख रुपए रखे थे। वहीं, घटना के बाद फर्म के सीसीटीवी कैमरों की 4 नवंबर के बाद की रिकॉर्डिंग भी नहीं मिली। अब पुलिस 100 से ज्यादा कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इनमें दो संदिग्ध नजर आने की बात सामने आई है। इस पूरी वारदात ने मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बदमाश इतनी आसानी से अंदर कैसे पहुंचे? उन्हें नकदी की जानकारी किसने दी? और गार्ड-कर्मचारी क्या करते रहे? खून से लथपथ पड़े थे पदम सिंह
गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे व्यापारी मनोज राठौर फर्म पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांककर देखा तो कांच टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद छोटे भाई सूर्य राठौर और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अंदर पहुंचे। वहां पदम सिंह खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में भोपाल रेफर कर दिया गया। मनोज राठौर ने बताया कि वे पदम सिंह को परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं और बाबूजी कहकर बुलाते हैं। पुलिस इन पांच सवालों के जवाब तलाश रही 1. पीछे की दुकानों से घुसे बदमाश, क्या पहले की थी रेकी? भोपाल रोड स्थित कृषि उपज मंडी में आने-जाने के लिए तीन रास्ते हैं। मंडी सचिव के मुताबिक, परिसर में कुल 32 कैमरे लगे हैं। इनमें 30 कैमरे मंडी परिसर में और दो दशहरा मैदान में हैं। सुरक्षा के लिए तीन गार्ड भी तैनात हैं, जिनकी अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी रहती है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बदमाश मुख्य गेट से मंडी में दाखिल नहीं हुए। वे पीछे की तरफ बनी दुकानों के रास्ते परिसर में पहुंचे। इसके बाद दुकानों के ऊपर से होते हुए मनोज राठौर की फर्म तक पहुंचे। पुलिस को जांच में पता चला कि बदमाश पहले एक दुकान में घुसे और वहां से लोहे की रॉड उठाई। इसके बाद गेहूं की बोरियों के ऊपर से होते हुए दूसरी दुकान में पहुंचे। वहां अलमारी का सामान और कागजात बिखरे मिले। खिड़की का कांच भी टूटा हुआ था। इसके बाद बदमाश तीसरी दुकान में पहुंचे, जहां पदम सिंह सो रहे थे। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को फर्म के अंदर आने-जाने के रास्तों और दुकानों की बनावट की जानकारी थी। 2. रात 3 बजे तक निकलते रहे ट्रक, किसी को भनक नहीं लगी? मंडी में करीब 30 व्यापारियों की फर्म संचालित होती हैं। धान के सीजन में रोजाना 800 से 900 ट्रॉलियां मंडी पहुंचती हैं। इनसे करीब 17 से 18 हजार क्विंटल धान की आवक होती है। व्यापारियों के माध्यम से किसानों को रोजाना करीब 10 से 12 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाता है। इतने बड़े पैमाने पर व्यापार के चलते यहां दिन-रात चहल-पहल रहती है। दिन में खरीदी गई धान की तौल के बाद उसे ट्रकों में भरकर बाहर भेजा जाता है। घटना वाली रात मुख्य गेट पर कर्मचारी प्रदीप शर्मा और सुरक्षा गार्ड कैलाश अहिरवार की ड्यूटी थी। कर्मचारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 3 बजे तक धान से भरे ट्रक मंडी से निकलते रहे। इसके बाद मुख्य गेट बंद कर दिया गया। गार्ड भी गेट के पास बने कार्यालय और परिसर में मौजूद था। व्यापारी मनोज राठौर की फर्म मुख्य गेट के पास ही है। फर्म की एक दीवार के दूसरी तरफ मंडी कर्मचारी और गार्ड की तैनाती थी। पुलिस की शुरुआती जांच में मुनीम और बदमाशों के बीच संघर्ष होने की बात सामने आई है। पदम सिंह के हाथों पर भी चोट के निशान मिले हैं। 3. क्या पहचाने जाने के डर से अकाउंटेंट पर किया जानलेवा हमला? फर्म में पदम सिंह यादव रोज की तरह सो रहे थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और ईंट से सिर व चेहरे पर कई वार किए। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसने की जानकारी भी सामने आई है। हमले में पदम सिंह के सिर और आंख पर गंभीर चोटें आईं। कमरे में खून फैला था। उन्हें पहले अस्पताल की क्रिटिकल यूनिट में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर भोपाल रेफर किया गया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बदमाशों ने मुनीम पर इतना बेरहमी से हमला क्यों किया। क्या अचानक सामने आ जाने से बदमाश घबरा गए थे या उन्हें पहचान लिए जाने का डर था? 4. फर्म में नकदी होने की जानकारी बदमाशों को कैसे मिली? वारदात के समय व्यापारी मनोज राठौर की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई थी। वे उन्हें इलाज के लिए भोपाल ले गए। दिनभर की खरीदी के बाद किसानों को भुगतान करने के लिए फर्म में नकदी रखी थी। व्यापारी के मुताबिक, फर्म में करीब 15 लाख रुपए रखे थे। हालांकि, वास्तविक रकम की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। 5. घटना से ठीक पहले के दिनों की रिकॉर्डिंग क्यों नहीं मिली? इस वारदात में सबसे अहम सवाल फर्म के सीसीटीवी कैमरों को लेकर भी है। जांच में सामने आया है कि दुकान में लगे कैमरों की 4 नवंबर के बाद की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है। यानी घटना से पहले के कई दिनों की रिकॉर्डिंग फर्म के कैमरों में नहीं मिली। पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लेकर रिकॉर्डिंग रिकवर करने की कोशिश शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कैमरों की रिकॉर्डिंग तकनीकी खराबी के कारण बंद हुई थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। 100 सीसीटीवी खंगाले, दो संदिग्ध नजर आए एसडीओपी आकांक्षा तलया के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली है। डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। मंडी परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा चुके हैं। इनमें दो संदिग्धों के नजर आने की बात सामने आई है। पुलिस आसपास के व्यापारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच में फर्म के अंदर की जानकारी रखने वाले किसी व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका को भी ध्यान में रखा जा रहा है। नई उपज की नीलामी में शामिल नहीं होंगे व्यापारी मंडी में हुई लूट और मुनीम पर जानलेवा हमले के बाद व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। व्यापारी मिथिलेश सोनी ने बताया कि मंडी में विदिशा, सीहोर और आसपास के जिलों से बड़ी मात्रा में धान पहुंचता है। यहां रोजाना करोड़ों रुपए का लेनदेन होता है। ऐसे में मंडी परिसर में पर्याप्त सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे और स्थायी पुलिस चौकी की जरूरत है। घटना के विरोध में व्यापारियों ने नई उपज की नीलामी में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। गुरुवार को पहले से खरीदी गई करीब 150 ट्रॉलियों की उपज की ही नीलामी की जाएगी। व्यापारियों की मांग है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मंडी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। यह खबर भी पढ़िए… सोते हुए अकाउंटेंट को बंधक बनाया, ईंट से चेहरा कुचला रायसेन कृषि उपज मंडी में बुधवार देर रात बदमाशों ने गल्ला व्यापारी की फर्म में घुसकर लूटपाट की। आरोपियों ने वहां सो रहे मुनीम (अकाउंटेंट) पदम सिंह यादव को बंधक बनाया और बेरहमी से पीटा। उनके सिर और चेहरे पर ईंट से वार किए। इससे उनकी एक आंख को गंभीर नुकसान पहुंचा है। बदमाश नकदी लेकर फरार हो गए। गंभीर हालत में पदम सिंह को भोपाल रेफर किया गया है। पूरी खबर पढ़िए…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here